वार्ष्णेय समाज की राजनीतिक हुंकार! सुरीर में कल वीवीएस संगठन का जिला सम्मेलन

सुरीर (मथुरा)। वार्ष्णेय समाज को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में वीवीएस राष्ट्रीय राजनीतिक संगठन कल रविवार को सुरीर में जिला सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। यह सम्मेलन कस्बा सुरीर स्थित राइजिंग स्टार इंटरनेशनल स्कूल में होगा जिसमें जनपद भर से वार्ष्णेय समाज के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
वीवीएस संगठन के राष्ट्रीय संयोजक अनिल वार्ष्णेय ने बताया कि समाज में व्याप्त आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सूखे को समाप्त करने के उद्देश्य से देशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि वार्ष्णेय समाज एकजुट होकर विधानसभा और लोकसभा जैसी लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में अपनी मजबूत हिस्सेदारी सुनिश्चित करे।
कार्यक्रम आयोजक कालू स्वामी और सतीश वार्ष्णेय ने जानकारी दी कि सम्मेलन में संगठन के केंद्रीय व जिला पदाधिकारी, समाज के प्रबुद्धजन और युवा बड़ी संख्या में शामिल होंगे। सम्मेलन के माध्यम से समाज को एक सूत्र में पिरोने और भविष्य की रणनीति तय करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
सम्मेलन को लेकर वार्ष्णेय समाज में खासा उत्साह है और इसे समाज की दिशा व दशा बदलने वाला अहम पड़ाव माना जा रहा है।