मथुरा। धर्मनगरी में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ जारी है। थाना जमुनापार और जैत पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए टैम्पो चालक की बेरहमी से हत्या कर लूट को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों बदमाशों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
आधी रात को गोलियों की गूंज, सत्ते कॉलोनी में एनकाउंटर
शुक्रवार की रात करीब 11:32 बजे, जब पूरा शहर कड़ाके की ठंड में सो रहा था, तब यमुना एक्सप्रेसवे पानीगांव लिंक रोड के पास निर्माणाधीन ‘सत्ते कॉलोनी’ में पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने जब बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल को रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने बाइक भगा दी। संतुलन बिगड़ने से बाइक गिरी और बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग झोंक दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोलियां दोनों बदमाशों के पैरों में लगीं। घायल बदमाशों की पहचान दिनेश (22 वर्ष) और जयपाल (47 वर्ष) के रूप में हुई है।
क्रूरता की हदें पार: पेचकस से गोदकर की थी हत्या
इस पूरी वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि इन बदमाशों ने बीती 25/26 दिसंबर की रात को छटीकरा के पास टैम्पो चालक यशपाल उर्फ राजा की पेचकस से गोदकर और गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को अलेपुर के जंगलों में फेंक दिया था और टैम्पो व मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे।
पकड़ा गया जयपाल एक शातिर अपराधी है, जिस पर आगरा और मथुरा के विभिन्न थानों में चोरी, पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट और लूट के 13 संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं, दिनेश पर भी चोरी और लूट के 5 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल दोनों घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल मथुरा में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराध और अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। इस सफल ऑपरेशन से पुलिस ने टैम्पो चालक हत्याकांड का पर्दाफाश कर जनता के बीच सुरक्षा का कड़ा संदेश दिया है।