ब्रज के विकास को लगेंगे पंख: तीर्थ विकास परिषद और M3M फाउंडेशन के बीच एमओयू
ब्रज तीर्थ विकास परिषद और एम3एम फाउंडेशन के बीच हुआ बड़ा एमओयू, ब्रज के तीर्थ स्थलों पर सोलर सीसीटीवी, वृंदावन से शुरू होगा स्ट्रीट वेंडर प्रोजेक्ट
वृंदावन से होगी ‘स्ट्रीट वेंडर आजीविका’ प्रोजेक्ट की शुरुआत, मिलेंगे खास डिजाइन के कार्ट
प्रमुख तीर्थ स्थलों पर लगेंगे सोलर आधारित CCTV कैमरे, सुरक्षा होगी पुख्ता
ब्रज की संस्कृति के संरक्षण के लिए शुरू होगी फेलोशिप और डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिता
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्वरूप को और अधिक भव्य बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। परिषद ने गुरुग्राम (हरियाणा) स्थित एम3एम फाउंडेशन के साथ एक समझौता एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत ब्रज के विकास, स्थानीय आजीविका और सांस्कृतिक प्रलेखन पर विशेष कार्य किया जाएगा।
हाईटेक होगी सुरक्षा: लगेंगे सोलर CCTV
बृहस्पतिवार को परिषद कार्यालय में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि ब्रज के उन प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जो अब तक बिजली या अन्य तकनीकी कारणों से निगरानी से बाहर थे। ये कैमरे सेल्फ एनर्जी (सोलर) सिस्टम पर आधारित होंगे। इनकी निगरानी पुलिस और ब्रज तीर्थ विकास परिषद संयुक्त रूप से करेगी। इन कैमरों को मौजूदा सुरक्षा प्रणाली से भी जोड़ा जाएगा।
वृंदावन से शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए ‘स्ट्रीट वेंडर आजीविका पायलट प्रोजेक्ट’ की शुरुआत कान्हा की नगरी वृंदावन से होगी। इसके तहत 20 स्ट्रीट वेंडरों को विशेष रूप से डिजाइन किए गए वेंडिंग कार्ट (ठेले) दिए जाएंगे।
इन कार्ट्स का डिजाइन ब्रज की सांस्कृतिक विरासत और स्वच्छता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। सफल रहने पर इस योजना का विस्तार पूरे ब्रज क्षेत्र में किया जाएगा।
सांस्कृतिक विरासत का होगा संरक्षण
ब्रज की कहानियों और इतिहास को दुनिया तक पहुँचाने के लिए एक वृत्तचित्र प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें छात्र और फिल्म निर्माता हिस्सा ले सकेंगे। इसके साथ ही, एम3M फाउंडेशन ब्रज के शोध कार्यों के लिए फेलोशिप भी शुरू करेगा, जिससे यहां के प्राचीन अभिलेखों और प्रामाणिक तथ्यों को संजोया जा सके।
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, एम3एम फाउंडेशन की प्रबंध न्यासी डॉ. ऐश्वर्या महाजन और सामर्थ्य डेवकनेक्ट की CEO अनुपमा मायराल उपस्थित रहीं।
”मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप इन योजनाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे ब्रज की प्राचीन विरासत का संरक्षण तो होगा ही, साथ ही स्थानीय लोगों को बेहतर आजीविका भी मिलेगी।”
— सूरज पटेल, मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद