एमसीपी जॉर्ड कप व वार्षिक अधिवेशन की तैयारियों हेतु राकेश तिवारी 8 जनवरी को होंगे दुबई रवाना
मथुरा। श्री माथुर चतुर्वेद परिषद के तत्वावधान में दुबई शाखा द्वारा आयोजित एमसीपी जॉर्ड कप एवं वार्षिक अधिवेशन की तैयारियों को लेकर परिषद के महामंत्री राकेश तिवारी एड. 8 जनवरी को दुबई के लिए रवाना होंगे।
दुबई शाखा द्वारा आयोजित एमसीपी जॉर्ड कप का आयोजन 30 नवंबर से प्रत्येक रविवार को किया जा रहा है, जिसमें कुल पांच टीमों एफएम, शिव दया, सीएसके, जेनिथ और बृजवासी भाग ले रही हैं। यह प्रतियोगिता मलिक ग्राउंड, दुबई में खेली जा रही है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 18 जनवरी को होगा ।
फाइनल मैच से एक दिन पूर्व 17 जनवरी को दुबई शाखा का वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री माथुर चतुर्वेद परिषद के मुख्य संरक्षक एवं अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के मुख्य संरक्षक महेश पाठक उपस्थित रहेंगे। वहीं परिषद के अध्यक्ष राकेश राजेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी भी जॉर्ड कप एवं अधिवेशन में सहभागिता करेंगे। दोनों पदाधिकारी 14 जनवरी को मुंबई से दुबई के लिए रवाना होंगे।
महामंत्री राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि वे समय से पूर्व दुबई पहुंचकर अधिवेशन की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। अधिवेशन के दौरान प्रतिवर्ष की भांति समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं, युवाओं एवं विशेष सहयोगियों को सम्मानित किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों को लेकर वे दुबई शाखा के पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर रूपरेखा तय करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि दुबई के साथ-साथ अन्य स्थानों पर भी संस्था की सदस्यता बढ़ाने को लेकर पदाधिकारियों के साथ मंथन किया जाएगा, जिससे संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।