MVDA ने बिना मानचित्र स्वीकृत कराए हो रहे दर्जनों निर्माण कार्यों पर लगाई रोक , कई कॉलोनी में चलाया ध्वस्तीकरण अभियान

मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की नवागत उपाध्यक्ष आई ए एस लक्ष्मी नागप्पन के पदभार संभालते ही प्राधिकरण अधिकारियों ने अवैध निर्माण और बिना मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित हो रही कॉलोनीयों के खिलाफ ध्वस्तीकरण कार्यवाही के साथ साथ तत्काल काम रोकने की कार्रवाई तेज कर दी है।
श्रीजी बाबा स्कूल के सामने एन.एच.-19 थाना छाता अंतर्गत आदर्श कमार द्वारा श्रीकृष्णा डवलपर्स कॉलोनी लगभग 5 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में, संस्कृति यूनिवर्सिटी ऑरेज कुंज के पास प्रमोद एवं लाखन सिंह द्वारा लगभग 30 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में, जी.एल.ए. यूनिवर्सिटी के सामने बैकटेश कुमार द्वारा 12 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में सडक नाली निर्माण कर अनाधिकत रूप से भू-विभाजन कर कॉलोनी का विकास किये जाने पर तीनों कॉलोनियों के स्थल पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही सचिव आशीष कुमार सिंह के नेतत्व में की गयी। जेसीबी से ध्वस्तीकरण की कार्यवाही में प्राधिकरण प्रवर्तन दल के साथ थाना छाता का पुलिस बल मौजूद रहा ।

इस कार्यवाही के अलावा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विभिन्न क्षेत्रों के 45 निर्माणकर्ताओं को कार्य रोकने का नोटिस जारी किया गया है।
रुक्मणी विहार, चैतन्य विहार, कैलाश नगर ​मौजा सुनरख, रामताल रोड (आनन्दा कॉलोनी), राजपुर बांगर ​आश्रम विहार, गोवर्धन चौराहा, मौजा-धौरेरा एवं गनेशरा रोड क्षेत्र में ​सभी 45 निर्माणकर्ताओं को काम तत्काल बंद करने के नोटिस स्थल पर चस्पा कर दिए गए हैं। नोटिस में कहा गया है यदि कार्य नहीं रोका गया तो भारी अर्थदण्ड और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के अनुसार प्रवर्तन दल की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी ताकि अवैध कॉलोनियों और निर्माणों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा है कि किसी भी भूखंड पर निर्माण या विकास कार्य शुरू करने से पहले नियमनुसार मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है।