विकास और विरासत का संतुलन बनेगा, अवैध निर्माण पर लगेगी पूरी तरह रोक : लक्ष्मी नागपन
मथुरा । मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की नवागत उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागपन ने स्पष्ट किया है कि मथुरा में विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाकर योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। अवैध कॉलोनियों और अनियंत्रित निर्माण पर पूरी तरह रोक लगेगी वहीं भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजकीय संग्रहालय परिसर स्थित मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण कार्यालय सभागार में शुक्रवार को मीडिया से संवाद करते हुए उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागपन ने कहा कि मथुरा केवल एक शहर नहीं बल्कि एक जीवंत आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर है। यहां कार्य करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। यह क्षेत्र संवेदनशील होने के साथ-साथ विशेष महत्व भी रखता है इसलिए विकास कार्यों में विरासत संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विकास और विरासत की बात पर कहा कि एमवीडीए के बाईलाॅज में भी हेरिटेज का बहुत कुछ है। बिना इसकी छेड़छाड़ किए इसके संरक्षण की जिम्मेदारी एमवीडीए की है। वर्ष 2031 तक का मेगा प्लान बना है उसे पूर्ण रूप से नियमानुसार पालन कराऐंगी। बिल्डरों पर करोड़ों रूपये ईडीसी बकाया के वसूली के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि अभी तो उन्हें एक ही दिन हुआ है देयता है तो वह नोटिस देकर कार्यवाही करायेंगी ।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकास परियोजनाओं में तेजी देखने को मिलेगी। विकास प्राधिकरण का सीधा संबंध आमजन से होता है इसलिए जनता से जुड़े सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएंगे। कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक परेशान करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उपाध्यक्ष ने बताया कि अवैध निर्माण, अवैध कॉलोनियों और खादर क्षेत्र में हो रहे निर्माणों का गंभीरता से अध्ययन कराया जाएगा। ऐसे सभी निर्माणों की सूची तैयार कर अवैध गतिविधियों को पूरी तरह रोका जाएगा। साथ ही जिन बिल्डरों या संस्थाओं पर विकास प्राधिकरण का बकाया है, उसकी वसूली भी सुनिश्चित की जाएगी। यमुना खादरों में बन रहे होटल, भवन एवं गेस्ट हाउस आदि अवैध कालोनियों के प्रश्न पर उपाध्यक्ष ने कहा कि अवैध कालोनियों के विरूद्ध टाइम बाउंड अभियान चलाया जाएगा। लिस्ट बनाकर उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करेंगी। सरकार की मंशा भूू-माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाने की है उसे शत प्रतिशत पूरा किया जाएगा। कालोनी विकसित करने में पर्यावरण का भी ध्यान रखा जाएगा। इस कार्य को वह स्वयं देखेंगी ।
पत्रकार वार्ता में विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मथुरा में कार्यभार संभालने से पहले 2019 बैच की आईएएस लक्ष्मी नागपन कानपुर देहात में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात थीं।