गोवर्धन में गौशाला का डीएम ने किया निरीक्षण, ठंड से बचाने के दिए निर्देश

मथुरा । गोवर्धन के ग्राम पैंठा स्थित वृहद गो संरक्षण केंद्र का जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए गौवंशों के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने गौशाला में हरा चारा, भूसा, खर, चोकर, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई तथा शेड की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संपूर्ण गौशाला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गौवंशों को गुड़ खिलाया और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने ठंड से बचाव के लिए गौशालाओं के शेड को तिरपाल से ढकने, फर्श पर पुआल, भूसा या सूखी पत्तियाँ बिछाने तथा दरवाजों व खिड़कियों पर बोरे लगाने के निर्देश दिए, जिससे ठंडी हवा का प्रवेश रोका जा सके। साथ ही नियमित अंतराल पर अलाव जलाने के निर्देश भी दिए, ताकि गौवंशों को पर्याप्त गर्माहट मिल सके। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को सभी गौवंशों की ईयर टैगिंग सुनिश्चित कराने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा ठंड के मौसम में बीमार गौवंशों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र नारायण शुक्ला, तहसीलदार गोवर्धन सुशील गुप्ता, संबंधित ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव उपस्थित रहे।