बांग्लादेश में और बिगड़े हालात, हादी के बाद एक और छात्र नेता को सिर में मारी गोली

ढाका । बांग्लादेश के खुलना में सोमवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने साल 2024 के छात्र-नेतृत्व वाले हिंसक आंदोलन के दूसरे नेता मोतालेब सिकदर को सिर में गोली मार दी। यह हमला प्रमुख युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के कुछ दिनों बाद हुआ। एनसीपी (नेशनल सिटिजन पार्टी) की संयुक्त प्रधान समन्वयक महमूदा मितु ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि मोहम्मद मोतालेब सिकदर को कुछ मिनट पहले गोली मार दी गई। वह एनसीपी के खुलना डिवीजन के प्रमुख और पार्टी के कार्यकर्ता मोर्चे के केंद्रीय समन्वयक थे। मितु पेशे से चिकित्सक हैं। उन्होंने बताया कि सिकदर को गंभीर हालत में खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। समाचार पत्र ‘कालेर कंठ’ ने अस्पताल के सूत्रों के हवाले से बताया कि सिकदर के सिर में बाईं ओर गोली मारी गई। जब उन्हें अस्पताल लाया गया उस वक्त बहुत अधिक खून बह रहा था। डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू कर दिया। सोमवार को खुलना शहर के माजिद सारणी इलाके में सिकदर पर हुए हमले के बाद पुलिस ने कहा कि वे अभी तक हमले के अपराधियों या मकसद के बारे में अनजान हैं, लेकिन उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बता दें कि यह हमला हादी की हत्या के कुछ दिनों बाद हुआ है। हादी पिछले साल हुए छात्र विरोध प्रदर्शनों के एक प्रमुख नेता थे। इन प्रदर्शनों के बाद ही प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी थी।

हादी को 12 दिसंबर को ढाका के बिजॉयनगर इलाके में एक चुनावी अभियान के दौरान नकाबपोश बंदूकधारियों ने सिर में गोली मार दी थी। मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार ने शनिवार को हादी की मौत पर राष्ट्रव्यापी शोक का आयोजन किया और कहा कि उनके हत्यारों को पकड़ने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। हादी पर हमले और उसके बाद हुई उसकी मौत को लेकर ढाका और अन्य प्रमुख शहरों में हिंसा फिर से भड़क उठी।