एसआईआर डिजिटाइजेशन कार्य में नंबर 1 आने वाले बीएलओ को मिलेंगे परिवार सहित इनाम

 

पीलीभीत । एस आई आर (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) को लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में जिला प्रशासन अपनी अपनी ओर से शत प्रतिशत परिणाम हासिल करने के लिए प्रचार प्रसार के अलावा तरह-तरह के उपाय करने में युद्ध स्तर पर जुटा हुआ है। पीलीभीत में तो वहां के एडीएम वित्त ने प्रत्येक विधानसभा में प्रथम आने वाले बीएलओ को प्रोत्साहन स्वरूप कई सुविधा देने का जोरदार ऐलान किया है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रसून द्विवेदी ने एक पत्र जारी कर बीएलओ को अवगत कराया कि सबसे पहले पोर्टल पर डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण करने पर उनको प्रशस्ति पत्र के अलावा जंगल सफारी (पीलीभीत टाइगर रिजर्व) में परिवार सहित फ्री भ्रमण और चूका बीच पर लंच कराया जाएगा। इसके अलावा उनको पूरे परिवार की फ्री मूवी टिकट दी जाएगी।
एडीएम के इस लेटर की पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा हो रही है। उल्लेखनीय रहे कि एस आई आर के कार्य में बीएलओ की ड्यूटी करने वाले कर्मचारी रात दिन एक किए हुए हैं। ऐसे में इस तरह का प्रोत्साहन उनमें एक ऊर्जा का संचार करेगा। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) /उप जिला निर्वाचन अधिकारी, पीलीभीत प्रसून द्विवेदी के अनुसार सुविधाओं का आशय स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर ) को तीव्र गति से सम्पादित कराये जाने हेतु प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के प्रथम बीएलओ को सर्वाधिक फार्म डिजिटाईजेशन करने के दृष्टिगत प्रदत्त किया जायेगा।