मथुरा। मथुरा वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त जग प्रवेश ने सोमवार को महानगर क्षेत्र के दो क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण कर नगर निगम कार्यों की प्रगति और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
सबसे पहले नगर आयुक्त वार्ड संख्या 19 रामनगर यमुना पार स्थित नगला कोल्हू प्लांट के निकट निर्माणाधीन गोमुक्ति धाम पहुंचे। यहां उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता तथा मानक अनुरूपता का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता, मानक के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
इसके बाद नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 14 लक्ष्मी नगर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे साफ–सफाई कार्यों का स्वयं स्थल पर जाकर अवलोकन किया और तैनात सफाई कर्मियों की उपस्थिति की जांच की।
उपस्थिति पंजी की जांच में 11 में से 4 सफाई कर्मी अनुपस्थित पाए गए, जबकि 1 कर्मी नियमित रूप से अनुपस्थित पाया गया। नगर आयुक्त ने नियमित अनुपस्थित पाए गए कर्मचारी के विरुद्ध हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि शेष अनुपस्थित सफाई कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने वार्ड में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण, सड़क नाली की सफाई तथा सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है जिसके लिए सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (निर्माण) अमरेंद्र गौतम, अवर अभियंता सोमेश कुमार, क्षेत्रीय पार्षद यतेन्द्र माहौर, वार्ड सुपरवाइजर गोपाल सैनी सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।















Views Today : 1990