नई दिल्ली । भाजपा ने राजद नेता तेजस्वी यादव के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष हार के डर से पहले से ही बहाने ढूढ़ने लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि बिहार में जंगलराज बनाम सुशासन का चुनाव है और मोदी-नीतीश की जोड़ी पर लोगों को भरोसा है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर राजनीतिक पर्यटक होने का आरोप भी लगाया है। रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि बिहार में अभी आधे चुनाव का मतदान बाकी है, लेकिन विधानसभा चुनाव में हार की डर से विपक्ष पहले से ही बहाने ढूंढ रहा है।
उन्होंने कहा कि राजग निर्णायक, प्रभावी और ऐतिहासिक विजय की ओर बढ़ रहा है। विपक्ष हताश है। भाजपा नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव ने साइलेंस पीरियड में, जब राज्य में प्रचार खत्म हो गया है, तब प्रेस कांफ्रेंस की है, यह हताश की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के संपर्क में आकर तेजस्वी भी होमवर्क नहीं करते हैं। पूछ रहे कि इंडस्ट्री क्यों नहीं? रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि 17 इथेनॉल प्लांट और टेक्सटाइल के कई हब बिहार के मुजफ्फरपुर, हाजीपुर और बेगूसराय में हैं। राज्य बिस्किट निर्माण में काफी आगे है, कोल्डड्रिंक आदि कई क्षेत्रों में निवेश हुआ है। उन्होंने कहा कि 20 साल के बाद भी जीत का सबसे बड़ा कारण ट्रस्ट फैक्टर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी बिहार को आगे बढ़ाएगी। भाजपा सांसद ने कहा कि यह चुनाव जंगलराज बनाम सुशासन का है। तेजस्वी यादव जंगलराज के विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। भाजपा नेता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में जंगल सफारी पर टिप्पणी करते हुए कहा वह राजनीतिक पर्यटक की तरह हैं।