जब युवा उठे तो जगमगायेगा ब्रज, गऊ घाट पर गूंजा ‘सफाई संडे’ अभियान
मथुरा । युवाओं की भागीदारी से परिवर्तन का नया उदाहरण पेश करते हुए प्रोजेक्ट मथुरा के तत्वावधान में इस रविवार पवित्र गऊ घाट पर “सफाई संडे” अभियान का आयोजन किया गया। इस स्वच्छता पहल में न केवल मथुरा बल्कि देश-विदेश के युवाओं ने भी हिस्सा लिया बल्कि यह संदेश गया कि जब युवा एकजुट होते हैं तो बदलाव निश्चित होता है।
दिल्ली स्थित वृक्षित फाउंडेशन के शंकर एवं उनकी टीम ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की। वहीं सर्बिया से आए लाज़ार जिन्होंने भारत के कई शहरों में स्वच्छता कार्य किया है उन्होंने भी घाट पर पहुंचकर अपना योगदान दिया।
साथ ही गोकुल की संस्था और क्लीन वृंदावन प्रोजेक्ट ने वृंदावन में समानांतर सफाई अभियान चलाकर इस प्रयास को और मज़बूती प्रदान की। अभियान के दौरान पवित्र घाटों पर प्लास्टिक कचरा, टूटी मूर्तियाँ, और नशीले पदार्थों की बोतलें बड़ी मात्रा में पाई गईं। यह देखकर प्रतिभागियों ने गहरी चिंता व्यक्त की कि ऐसे पवित्र स्थलों पर नशीले पदार्थों का उपयोग दुःखद है। प्रोजेक्ट मथुरा की टीम ने इस विषय पर स्थानीय प्रशासन एवं एसएसपी से सहयोग की अपील की है ताकि इन स्थलों पर निगरानी बढ़ाई जाए और भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
गऊ घाट पर संध्या आरती का संचालन करने वाले गुड्डू पंडित ने भी इस स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग दिया और युवाओं को प्रेरित किया कि यह केवल एक दिन का नहीं बल्कि निरंतरता का कार्य होना चाहिए। प्रोजेक्ट मथुरा के संस्थापक सीए विपुल अग्रवाल ने ब्रजवासियों से अपील की कि वे अपने शहर की स्वच्छता के लिए आगे आएँ और इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा ब्रज की सुंदरता तभी स्थायी रह सकती है जब हर नागरिक अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाए।