कलयुग में कुरुप विकारयुक्त कुब्जा देवी का चमत्कार, मथुरा की स्लम बस्ती अंतापाड़ा का हुआ चहुंमुखी उद्दार
मथुरा। शास्त्रों के अनुसार द्वापर युग में कुरुप विकारयुक्त कुब्जा देवी का उद्धार प्रभु श्री कृष्ण ने किया था । कलयुग में कुब्जा देवी के मंदिर के कारण महानगर की स्लम बस्ती कहे जाने वाले अंतापाड़ा क्षेत्र का उद्दार हो गया है। कई दिन से जबरदस्त तरीके से क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार हो रहा है। इस क्षेत्र को पहले देखने से लगता था कि इस इलाके के लोग किस तरह नरकीय जीवन में जी रहे हैं। कुब्जा देवी से प्रभावित राष्ट्रपति के आगमन के कारण इस क्षेत्र में बीते पांच दिन से ऐतिहासिक विकास काम हो रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिक अब अपनी किस्मत को सराहा रहे है। दूर दराज से मथुरा वासी इस क्षेत्र की कायापलट को देखने आ रहे है।
महामहिम राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन के नेतृत्व में नगर निगम, विकास प्राधिकरण, बिजली सहित अन्य विभागों के अधिकारी दिन-रात एक कर जनरल गंज अंतापाड़ा परिक्रमा मार्ग की तस्वीर बदलने में लगे हुए हैं। सोमवार सुबह से ही बंगाली घाट पुलिस चौकी प्रभारी अखिलेश दीक्षित जिला अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी विजय कुमार ने डेरा डाल दिया है। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के उद्देश्य पुलिस अधिकारी क्षेत्रीय लोगों के नाम नोट कर सत्यापन करने में जुटे हैं। वहीं दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता के साथ अधीक्षण अभियंता अधिशासी अभियंता सहायक अभियंता अवर अभियंता पूरी टीम के साथ विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नये विद्युत वाक्स तथा तारों की फिटिंग करने में जुटे हुए हैं। निगम एवं प्राधिकरण द्वारा टूटी फूटी सड़क को दुरूस्त करने के लिए नई इंटरलाकिंग वाली सड़क का निर्माण किया जा रहा है। यह सभी कार्य 24 सितंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे।

जहां-जहां राष्ट्रपति जाएंगी वहां-वहां बही विकास की गंगा
एक दिवसीय प्रवास पर आ रही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 25 सितंबर को प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगमन को लेकर आज से दो दिन ही शेष बचे है। लगातार निरीक्षण के साथ ही उन मार्गों को भी दुरुस्त किया जा रहा है जिनसे राष्ट्रपति का काफिला गुजरेगा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अंतापाड़ा स्थित परिक्रमा मार्ग पर बने कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर, श्री कृष्णजन्मभूमि के अलावा वृन्दावन रेलवे स्टेशन का प्रशासनिक टीम के साथ गहन निरीक्षण किया। मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी शैलेश कुमार पांडे, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने मंदिर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एडीएम फाइनेंस पंकज वर्मा, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंदिर में पहुंचकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया। मंदिर के पुजारी आशीष चतुर्वेदी से भी चर्चा की गई और राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व सभी तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महामहिम राष्ट्रपति 25 सितंबर को कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर, बांके बिहारी, श्री कृष्ण जन्मभूमि दर्शन के लिए आ रही हैं। इसके अलावा सुदामा कुटी भी जायेंगी। मंदिर और आसपास की व्यवस्थाओं को देखते हुए जो भी कमियां सामने आई हैं, उन्हें शीघ्र दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीआईजी शैलेश कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर और मार्गों पर पुलिस फोर्स की भारी तैनाती की जाएगी। किसी भी स्तर पर सुरक्षा में चूक नहीं होने दी जाएगी। बताया जा रहा है कि एक दो दिन में राष्ट्रपति भवन के अधिकारी स्थलीय निरीक्षण भी करेगें। डीएम के अनुसार राष्ट्रपति के स्वागत और दर्शन को लेकर सारी तैयारियां 24 सितंबर तक पूरी कर ली जाएंगी ताकि 25 सितंबर को उनका दौरा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक की सुरक्षा व्यवस्था रहेगी अभेद
महामहिम राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सुरक्षा व्यवस्था का ऐसा घेरा तैयार किया गया है कि परिंदा भी पर नहीं मार सके। जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी हो रही है। राष्ट्रपति विशेष ट्रेन से मथुरा पहुंचेंगी। इसी को ध्यान में रखते हुए देर रात जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर की जाने वाली तैयारियों और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। प्लेटफार्म, प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग स्थल सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। प्रशासन ने साफ-सफाई और यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा-चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी और कोई भी परिंदा पर नहीं मार सकेगा। रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा घेरा मजबूत करने के साथ पुलिस बल की तैनाती को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी। मथुरा जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही पर भी पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। महामहिम राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर मथुरा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
घर के मुख्य दरवाजा और छत पर पुलिस कर्मी रहेंगे तैनात
मथुरा। महामहिम राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन के नेतृत्व में तमाम सरकारी विभागों के अधिकारी दिन-रात एक कर जनरल गंज परिक्रमा मार्ग की तस्वीर बदलने में लगे हुए हैं। सोमवार सुबह से ही बंगाली घाट पुलिस चैकी प्रभारी अखिलेश दीक्षित जिला अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी विजय कुमार ने डेरा डाल दिया है। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के उद्देश्य पुलिस अधिकारी क्षेत्रीय लोगों के नाम नोट कर सत्यापन करने में जुटे हैं। प्रत्येक घर के मुख्य दरवाजा और छत पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।

परिक्रमा मार्ग के घरों की दीवारों पर चित्रकारी बनी आकर्षण का केंद्र
मथुरा। सुरक्षा व्यवस्था के अलावा जिला प्रशासन ने जनरल गंज से परिक्रमा मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते के दोनों तरफ मकानों को भगवा रंग से पोतकर उन पर आकर्षक चित्रकारी भी की जा रही है जो स्थानीय निवासियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जिन-जिन क्षेत्रों में काम किया जा रहा है। उस क्षेत्र के लोग महामहिम राष्ट्रपति के आगमन से खासे खुश नजर आ रहे हैं। उनका मानना है कि यदि राष्ट्रपति नहीं आती तो उनके नारकीय क्षेत्र की कभी दशा नहीं सुधरती।