भारत ने यूएई को नौ विकेट से हराकर एशिया कप में की विजयी शुरुआत

दुबई । एशिया कप 2025 में भारत ने जीत के साथ शुरुआत की है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को नौ विकेट से हराकर मौजूदा टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम 13.1 ओवर में सिर्फ 57 रन बना पाई। जवाब में भारतीय टीम ने 4.3 ओवर यानी महज 27 गेंदों में एक विकेट पर 60 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों में 30 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल (20) और सूर्यकुमार यादव (7) नाबाद रहे। यूएई के लिए जुनैद सिद्दीकी ने एक विकेट झटका। इससे पहले भारतीय टीम के लिए कुलदीप यादव ने चार और शिवम दुबे ने तीन विकेट झटके। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट झटके।