मथुरा में यमुना नदी की बाढ़ ने 2023 की बाढ़ का रिकॉर्ड तोड़ा, डीएम एसएसपी ने ट्रैक्टर पर सवार होकर देखी व्यवस्थाएं
मथुरा। जनपद में आई यमुना नदी की बाढ़ ने 2 साल पहले 2023 के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस बार यमुना के जल में काफी वृद्धि हुई है। ग्रामीण क्षेत्र के साथ-साथ मथुरा वृंदावन महानगर के तटीय इलाके पूरी तरह जल मग्न हो गए हैं। वृंदावन का विश्व प्रसिद्ध मंदिर श्री कात्यानी देवी भी पूरी तरह जल से सराबोर हो चुका है। डीएम और एसएसपी ने जमुना पार के तिवारीपुरम कॉलोनी क्षेत्र में ट्रैक्टर में बैठकर सरकारी मशीनरी द्वारा की जा रही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डीएम एसएससी को ट्रैक्टर पर बैठा देख बाढ़ पीड़ित अचंभित रह गए। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने सूचना मिलते ही जमुनापार लक्ष्मी नगर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के डेंगरा आदि गांव में फंसे ग्रामीणों को नाव स्टीमर के माध्यम से रेस्क्यू कर कर बाढ़ राहत शिविर में पहुंचवाया है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने यमुना जी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण लिया। उन्होंने तहसील महावन के लक्ष्मी नगर क्षेत्रांतर्गत विशाल मैरिज होम में स्थापित बाढ़ शरणालय स्थल / शेल्टर होम का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से वार्ता की सभी का कुशलक्षेम जाना तथा केंद्र में प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया कि सभी क्षतिग्रस्त मकानों एवं फसलों का सर्वे किया जाएगा तथा सभी को मुआवजा दिया जाए। उन्होंने सभी को संयम / धैर्य बनाए रखने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि 1/2 दिनों में सभी चीजें सामान्य हो जाएंगी। किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।
विशाल मैरिज होम के निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार यमुना जी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने हेतु सुभाष इंटर कॉलेज यमुनापार पहुंचे । उन्होंने कॉलेज के परिसर एवं ग्राउंड का अवलोकन किया तथा पशुओं को उक्त स्थान पर शिफ्ट करने हेतु उप जिलाधिकारी महावन कंचन गुप्ता को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने पशुओं हेतु भूसा, हरा-चारा, शेड, पानी आदि की व्यवस्था हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पशु भूखा नहीं रहना चाहिए। प्रशासन के पास प्रयाप्त भूसा एवं हरा चारा है।
दोनों अधिकारियों ने थाना जमुनापार क्षेत्रान्तर्गत स्थित बाढ़ ग्रस्त ग्राम तिवारीपुरम निकट रेलवे पुल यमुनापार का ट्रैक्टर के माध्यम से निरीक्षण किया। उन्होंने संपूर्ण बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बाढ़ शरणालय स्थलों / शेल्टर होम में शिफ्ट होने का आग्रह किया। उन्होंने सभी से अपील की कि यमुना जी के नजदीक न जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा निरंतर भ्रमणशील रहकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। लोगों के रहने एवं खाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता / मदद हेतु कटिबद्ध है।