आयकर रिटर्न एवं ऑडिट की अंतिम तिथियों को बढ़ाने का वित्त मंत्री से किया आग्रह

मथुरा। सीए अमित अग्रवाल ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर आयकर रिटर्न एवं आयकर ऑडिट की अंतिम तिथियों को बढ़ाने का आग्रह किया है।
पत्र में अवगत कराया है कि वर्तमान समय में देश के अनेक राज्यों में असामयिक व अत्यधिक वर्षा तथा बाढ़ की भीषण परिस्थितियाँ उत्पन्न हो गई हैं। इन परिस्थितियों के कारण जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। परिवहन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति एवं इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है जिसके परिणामस्वरूप करदाताओं और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए समयबद्ध ढंग से कार्य संपन्न करना अत्यंत कठिन हो गया है।
इसके अतिरिक्त इस वर्ष आयकर विभाग द्वारा संबंधित आयकर रिटर्न एवं ऑडिट से जुड़े फॉर्म्स जुलाई के अंत में जारी किए गए जिससे करदाताओं एवं पेशेवरों को पर्याप्त तैयारी का समय नहीं मिल पाया। ऐसी परिस्थितियों में करदाताओं के हित एवं राजस्व संग्रह की सुचारुता को ध्यान में रखते हुए आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2025 को बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2025 तक किया जाए एवं आयकर ऑडिट रिपोर्ट की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2025 को बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2025 तक किया जाए।