इंडोनेशिया में एक भारतीय सहित आठ यात्रियों को लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर लापता

जकार्ता । डोनेशिया से उड़ान भरने वाला हेलीकॉप्टर अचानक लापता हो गया। इस हेलीकॉप्टर में 8 लोग सवार थे, जिसमें 1 भारतीय का नाम भी शामिल है। हालांकि, उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर का तलाशी अभियान जारी है, लेकिन अभी तक इसका कुछ पता नहीं चला है। इस हेलीकॉप्टर ने सोमवार को इंडोनेशिया के बोर्नेओ आईलैंड से उड़ान भरी थी। कुछ दूर जाने के बाद हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। मंगलवार को भी हेलीकॉप्टर की तलाशी जारी है।

इंडोनेशियाई समाचार एजेंसी अंतरा के अनुसार, एस्टिंडो एयर बीके 117 डी3 हेलीकॉप्टर में एक पायलट, एक इंजीनियर और छह यात्री सवार थे। सोमवार को इंडोनेशिया से रवाना होने के बाद हेलीकॉप्टर तक दक्षिण कालीमंतन प्रांत के मेन्टेवे में मंडिन दमार जलप्रपात के पास पहुंचा था, तभी अचानक हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इंडोनेशिया से लापता हुए इस हेलीकॉप्टर में एक भारतीय नागरिक संथा कुमार भी सवार थे। हेलीकॉप्टर में सवार अन्य लोगों की पहचान कैप्टन हरियांटो, इंग हेंड्रा, मार्क वेरेन, युडी फेब्रियन, एंडिस रिसा पासुलु, क्लाउडिन क्विटो और इबॉय इरफान रोसा के रूप में हुई है।

हेलीकॉप्टर की तलाश में जुटी एजेंसी के प्रमुख आई पुतु सुदयाना ने कहा, सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तलाशी अभियान में दो अन्य हेलीकॉप्टर भी तैनात किए गए हैं, क्योंकि एक ही क्षेत्र में एक साथ तैनाती से संयुक्त खोज एवं बचाव दल को खतरा हो सकता है। बता दें कि हवा में चलाए तलाशी अभियान के अलावा अलग-अलग एजेंसियों के 140 बचावकर्मियों को ग्राउंड पर तैनात किया गया है। स्थानीय लोग भी तलाशी अभियान में साथ दे रहे हैं। एअर सपोर्ट की मदद से 27 किलोमीटर के एरिया में तलाशी अभियान जारी है। मगर, हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों की अभी तक कोई शिनाख्त नहीं हो सकी है।