मथुरा में रेलवे ट्रैक पर युवक और युवती की लाश मिलने से सनसनी

मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र के नरहौली पुल के समीप रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह अज्ञात युवक और युवती के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर हाईवे पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास किए, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब सात बजे कुछ लोग टहलने के लिए हाईवे थाना क्षेत्र के नरहौली पुल के समीप रेलवे ट्रैक की ओर गए थे। तभी उन्होंने पुल के पास युवक और युवती के शव देखे। दोनों के शरीर क्षत-विक्षत हालत में थे। मृतक युवक की उम्र करीब 26 वर्ष और युवती की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। युवक के हाथ पर नेम सिंह लिखा हुआ है। दोनों के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज नहीं मिले हैं। जिससे उनकी पहचान हो सके।
हाईवे थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों के शव की पहचान करने में और परेशानी आ रही है। आसपास के थानों के साथ सोशल मीडिया पर दोनों के फोटो प्रसारित कराए जा रहे है। पहचान के बाद ही पता चल सकेगा कि दोनों के बीच क्या रिश्ता है। कहा के निवासी है।