मीरा कपूर ने दिखाया अपना ‘हेल्थ बार’, बताया कैसे बच्चों को लगा रही हेल्दी स्नैकिंग की आदत

नई दिल्ली । एंटरप्रेन्योर और शाहिद कपूर की पत्नी मीरा कपूर ने एक बार फिर अपनी हेल्दी लाइफस्टाइल की झलक सोशल मीडिया पर साझा की है। मीरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपने घर के एक खास कोने को दिखाया। इस जगह को उन्होंने ‘हेल्थ बार’ बताया। यह हेल्थ बार उनके बच्चों के स्नैक काउंटर के ठीक बगल में बनाया गया है, ताकि घर के सभी लोग आसानी से पौष्टिक चीजें चुन सकें।

वीडियो के साथ मीरा ने लिखा कि वह काफी समय से ऐसा हेल्थ बार बनाना चाहती थीं। आखिरकार उन्होंने किचन की दराजों में रखे नट्स, सीड्स, सुपरफूड्स और हेल्दी पाउडर को बाहर निकालकर एक खूबसूरत और व्यवस्थित शेल्फ पर सजा दिया। उनका मानना है कि जब हेल्दी चीजें सामने दिखाई देती हैं तो उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना आसान हो जाता है। उन्होंने कहा कि जो उन्हें घर पर बने हेल्दी स्नैक्स भेजते हैं, अब उनके हेल्थ बार को दोबारा भरने का समय आ गया है।

वीडियो में मीरा अपने फॉलोअर्स को हेल्थ बार का पूरा सेटअप दिखाती हैं। वह बताती हैं कि उन्होंने इसे खासतौर पर बच्चों और परिवार की स्नैकिंग हैबिट्स को बेहतर बनाने के लिए तैयार किया है। उनके मुताबिक, हर घर में शाम करीब चार बजे बच्चों का एक ही सवाल होता है “मम्मा, भूख लगी है, क्या खा सकते हैं?” ऐसे में अगर हेल्दी स्नैक्स आसानी से नजर आ जाएं, तो बच्चे भी उन्हें चुनने लगते हैं।

मीरा का कहना है कि अक्सर ड्राई फ्रूट्स, सीड्स और हेल्दी स्नैक्स के पैकेट किचन की अलमारियों या पेंट्री में कहीं पीछे रखे रह जाते हैं। नतीजा यह होता है कि लोग उन्हें भूल जाते हैं और उनकी जगह अनहेल्दी स्नैक्स खा लेते हैं। इसी वजह से उन्होंने सभी चीजों को पारदर्शी जार में भरकर खुली शेल्फ पर सजा दिया है।

अपने हेल्थ बार में मीरा ने बादाम, अखरोट, पिस्ता और दूसरे नट्स के अलावा कई तरह के सीड्स भी रखे हैं। साथ ही उन्होंने एनएमएन पाउडर, स्पिरुलिना पाउडर और मोरिंगा पाउडर जैसी सुपरफूड्स को भी अलग-अलग जार में रखा है। मीरा बताती हैं कि उन्हें मोरिंगा और स्पिरुलिना पाउडर को नारियल पानी में मिलाकर पीना पसंद है। इसके लिए उन्होंने एक खास चम्मच भी रखा है, जो स्ट्रॉ में बदल जाता है। इससे पाउडर मिलाना और उसे पीना दोनों आसान हो जाता है।

हेल्थ बार में सिर्फ नट्स और पाउडर ही नहीं, बल्कि कई तरह के हेल्दी स्नैक्स भी शामिल हैं। मीरा ने अलग-अलग फ्लेवर के मखाने, खजूर, सूखे क्रैनबेरी, प्रोटीन बार, राजगीरा चिक्की, राइस क्रिस्पी और घर पर बने सीड एवं नट बार भी इसमें सजाए हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से कई चीजें उनके दोस्तों और परिजनों ने उन्हें भेजी हैं।

मीरा का मानना है कि हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि पौष्टिक चीजें आसानी से उपलब्ध और नजर आने वाली जगह पर हों। उनका कहना है कि अगर कोई चीज अलमारी में बंद रहेगी तो उसे खाने की संभावना बहुत कम होगी। वहीं, जब वही चीज सामने रखी हो, तो उसे स्नैक के रूप में चुनना आसान हो जाता है। इसी तरह नट्स, बीज और सुपरफूड्स की थोड़ी-थोड़ी मात्रा रोजाना खाने की आदत भी धीरे-धीरे बन जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि इस छोटे से बदलाव ने उनके लिए एक और समस्या हल कर दी है। अब उनके बच्चों को बार-बार यह पूछने की जरूरत नहीं पड़ती कि उन्हें स्नैक में क्या खाना चाहिए। हेल्थ बार में मौजूद चीजों को देखकर वे खुद भी हेल्दी चीजें चुन सकते हैं।