मथुरा में एंट्री फीस के नाम पर 36 हजार रुपए की रिश्वत लेने वाला पुलिसकर्मी गिरफ्तार
प्रिंस कुलश्रेष्ठ
मथुरा । जनपद के थाना नौहझील में तैनात सिपाही नवीन को शुक्रवार शाम आगरा से आई एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा हैं। टीम की इस कार्यवाही से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जाता है कि थाने में तैनात मुख्य आरक्षी युवराज द्वारा थाना क्षेत्र में ट्रकों को चलने के लिए ट्रक मालिक महेंद्र नगर पालीखेड़ा सौंख रोड से 36000 की एंट्री फीस की मांग थी। जिसकी शिकायत ट्रक मालिक ने एंटी करप्शन टीम से की। टीम ने जांच के बाद मालिक को लेकर नौहझील थाने पहुंची तो मालिक ने रूपये देने को मुख्य आरक्षी युवराज को कॉल करके बुलाया तो उसने काम से थाने के बाहर होने का हवाला देते हुए रुपए थाने में तैनात नवीन को देने के लिए बोल दिया। रूपये लेने जैसे ही आए सिपाही नवीन ने 36 हजार रुपए अपने हाथ में लिए तो टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार सिपाही नवीन गोपाल वास जिला भिवानी हरियाणा का मूल निवासी है। गत माह पूर्व ही थाने पर तैनाती हुई थी। टीम ने थाना नौझील में ही मुकदमा दर्ज कराया है जिसमें मुख्य आरक्षी युवराज को भी नामजद किया है। टीम की इस कार्रवाई से पुलिस महकमें में हड़कंप मचा हुआ है। आरोपी सिपाही को मेरठ कोर्ट में पेश करने के लिए टीम उसे अपने साथ ले गई।