मथुरा के व्यापारी से एक करोड़ की चांदी लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया, साथी गंभीर घायल
मथुरा । तीन दिन पूर्व हाईवे पर व्यापारियों से एक करोड रुपए की चांदी की लूट करने वाले बदमाश को बीती रात्रि पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है जबकि उसका दूसरा साथी गंभीर घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को इनके कब्जे से पूरा माल और एक बोलेरो गाड़ी तथा अवैध हथियार बरामद हुए हैं। मथुरा पुलिस की इस त्वरित साहसिक कार्यवाही से जनपद के व्यापारियों में भारी प्रसन्नता की लहर दौड़ गई है। बदमाशों की घेराबंदी करने के लिए एसपी श्लोक कुमार ने 8 टीम बनाई थी।
आगरा मथुरा हाइवे पर फरह क्षेत्र में दो दिन पूर्व हिंदुस्तान कालेज के समीप मंगलवार की देर शाम को कार सवार सर्राफा व्यापारी के पुत्रों का अगवा कर एक करोड़ कीमत की 75 किलो चांदी लूटने वाले बोलोरो सवार लुटेरो को देर रात पुलिस ने आगरा बॉडर पर घेर लिया। पुलिस ने मुठभेड़ में एक बदमाश को ढेर कर दिया है। जबकि उसका साथी घायल हो गया है। लुटेरों के पास से पुलिस ने बोलेरो व लूटी हुई चांदी बरामद कर ली है। पुलिस लुटेरों के अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार गोविंद नगर के मंडी रामदास में श्रीजी ज्वैलर्स के मालिक सराफा कारोबारी हरिओम सोनी निवासी मुहल्ला पंजाबी पेच के बेटे कन्हैया और गौरव चालक शब्बीर के साथ अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से मंगलवार शाम को आगरा के नमक की मंडी से 75 किलो चांदी लेकर आ रहे थे। फरह के हिंदुस्तान इंटर कालेज के समीप बाइक व बोलेरो से आए हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने कार रुकवा ली और चालक को खींचकर बाहर निकाल दिया। बदमाश हथियार के बल पर दोनों युवकों को अगवा कर 75 किलो चांदी लूटकर अछनेरा रोड की तरफ भागने लगे।
यहां पुलिस की गश्त देख युवकों को फेंक दिया और यूटर्न लेकर वापस हाईवे की तरफ आ गए। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। तीन घटे बाद स्विफ्ट डिजायर कार हाईवे पर भीम नगर पुलिस के पास खड़ी मिली। चांदी बदमाश लूट ले गए थे। करीब एक करोड़ रुपये कीमत की चांदी लूट के बाद से पुलिस की आठ टीमें लुटेरों की धरपकड़ के लिए जुटी हुई थी। गुरुवार देर रात आगरा-बार्डर पर पुलिस को मुखबिर से कुछ बदमाशों के मूवमेंट की सूचना मिली। इस पर घेराबंदी शुरू कर दी गई।
पुलिस ने बिना नंबर की एक संदिग्ध बोलेरो को रुकवाया। लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। मुठभेड़ में आगरा के राहुल और नीरज घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में नीरज को आगरा एसएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान नीरज ने दम तोड़ दिया। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि लुटेरों के पास से बिना नंबर की एक बोलेरो बरामद की है। साथ ही सराफा कारोबारी की लूटी हुई एक करोड़ रुपये की चांदी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस लुटेरों के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।