श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों में जुटा नगर निगम , महापौर के साथ नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

मथुरा। प्रभु श्री कृष्ण की नगरी में जन्माष्टमी पर्व पर स्वच्छता, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, जल निकासी एवं अतिक्रमण नियंत्रण जैसी सभी व्यवस्थाओं का देखने के लिए महापौर विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त जग प्रवेश ने नगर निगम के विभागीय अधिकारियों के साथ श्रीकृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र-महाविद्या कालौनी में यादव चौराहा से पोतर कुंड, गेट नंबर 1, 2 एवं 3 तक पैदल भ्रमण कर क्षेत्र की तैयारियों का गहन अवलोकन किया।
महापौर एवं नगर आयुक्त द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न रहे । सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और समयबद्ध रूप से पूर्णता सुनिश्चित की जाए ताकि नगरवासी एवं श्रद्धालु दोनों ही एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में पर्व का उल्लासपूर्वक अनुभव कर सकें। जन्माष्टमी के अवसर पर जब देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु नगर में पधारेंगे, तब उन्हें हर दृष्टि से एक स्वच्छ, व्यवस्थित, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण प्राप्त हो, जिससे वे मथुरा की एक सकारात्मक, सुंदर एवं प्रभावशाली छवि अपने साथ लेकर जाएं।
निरीक्षण के दौरान बारिश के कारण बने गड्ढों की मरम्मत हेतु अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि जन्माष्टमी पर्व से पूर्व सभी मार्गों पर पैचवर्क करा दिया जाए। अधिशासी अभियंता जल नंद किशोर को निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थान पर जल भराव की समस्या न हो इसके लिए जल निकासी की पूर्व तैयारी जरूरी है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को बताया गया कि संपूर्ण मार्गों की उच्च स्तरीय नियमित सफाई, नियमित नालियों की सफाई के साथ मार्गों की स्वच्छता उच्च स्तर की रहनी चाहिए । अवर अभियंता विद्युत को यह निर्देश दिए गए कि सभी मार्गों की लाइटों की जांच कर समय से पूर्व चालू किया जाए ताकि कोई भी स्ट्रीट लाइट बंद स्थिति में न रहे।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 60 जगन्नाथ पुरी के पार्षद नीरज वशिष्ठ वार्ड संख्या 40 गली राजकुमार के पार्षद धनंजय पटेल वार्ड संख्या 39 महाविद्या कॉलोनी के पार्षद प्रतिनिधि धर्मेश तिवारी अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोपाल बाबू गर्ग अधिशासी अभियंता जल राम कैलाश अधिशासी अभियंता (जल) नन्द किशोर एवं हेमेंद्र गौतम अवर अभियंता (निर्माण) विभोर अवर अभियंता (विद्युत यांत्रिकी) शैलेश कुमार कार्यदायी संस्था के अभियंता एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।