मथुरा में बड़ी लूट, हाईवे पर बदमाशों ने 90 लाख रुपए की चांदी की रखिया लूटी

मथुरा । आगरा दिल्ली हाईवे पर फरह क्षेत्र के हिंदुस्तान कॉलेज के समीप आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर मथुरा जा रहे चांदी व्यापारी की कार रोक कर 75 किलो चांदी की राखी लूट कर फरार हो गए। लूटी गई कार बदमाश भीमनगर बिजली घर के पास छोड़कर फरार हो गए।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार आगरा से मथुरा जा रहे चांदी व्यापारियों को रोककर कुछ नकाबपोश बाइक सवार एवं बोलेरो सवार लुटेरों ने करीब 90 लाख रुपए कीमत की 75 किलो चांदी की राखी लूट ली। चांदी व्यापारी मुकेश चंद्र सोनी की श्री ज्वेलर्स के नाम से मथुरा के मंडी रामदास एवं आगरा में नमक की मंडी में चांदी का कार्य है चांदी व्यापारी मुकेश चंद्र सोनी के दो पुत्र कन्हैया एवं गौरव अपने ड्राइवर के साथ देर शाम को आगरा से मथुरा की ओर आ रहे थे, तभी उनकी कार का पीछा करते हुए नकाबपोश बाइक सवार एवं एक बोलेरो सवार बदमाशों ने उनको हिंदुस्तान कॉलेज की समीप रुकवा लिया। गाड़ी रुकवा कर उन्होंने उनके पास रखी 75 किलो चांदी लूट ली। बदमाश दोनों व्यापारी लड़कों को गाड़ी में डालकर अछनेरा रोड पर ले गए। जहां वह दोनों रात्रि गस्त के दौरान फरह पुलिस को अछनेरा रोड पर मिल गए तब घटना की सूचना उन्होंने पुलिस को दी। लूट की घटना से हड़कंप मचा गया।

घटना सूचना मिलते ही सीओ रिफायनरी, प्रभारी निरीक्षक फरह मौके पर पहुंच गए। इस बीच जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, एसपी सिटी राजीव कुमार कई थानों के फोर्स के साथ घटना स्थल का निरीक्षण कर पीड़ित चांदी व्यापारी से घटना की जानकारी ली है। एसएसपी ने बताया घटना की जांच की जा रही है, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा खंगाले जा रहे है। घटना के खुलासा के लिए आधा दर्जन पुलिस टीम को लगाया गया है।