दिल्ली-NCR में बारिश का कहर: सड़कों पर भरा पानी , गाजियाबाद में दरोगा की मौत

नई दिल्ली । शनिवार देर रात आंधी और बारिश से दिल्ली- NCR वासियों को गर्मी और उमस से राहत दी है, लेकिन साथ ही बिन मौसम बारिश ने मानसून को लेकर तैयारियों के दावों के भी पोल खोल दिए हैं। दिल्ली कैंट इलाके में स्थिति एक अंडरपास में मिनी बस के साथ कार जलमग्न हो गई। इसी तरह आईटीओ, एयरपोर्ट समेत अन्य मार्गों पर जलभराव ने लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वैसे रविवार को साप्ताहिक अवकाश से सड़कों पर यातायात काफी कम है।

भारी बारिश और हवाओं के कारण रविवार सुबह राजधानी स्थित आईजीआई एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स का परिचालन बाधित रहा। इंडिगो ने एक्स पर एक पोस्ट कर कहा, दिल्ली में खराब मौसम के कारण फ्लाइट्स का परिचालन अस्थायी रूप से बाधित हुआ है। हालांकि मौसम धीरे-धीरे सुधर रहा है, लेकिन हवाई क्षेत्र में कुछ भीड़ बनी हुई है। जैसे-जैसे परिस्थितियां अनुकूल होंगी, फ्लाइट्स का परिचालन फिर से शुरू हो जाएगा।” जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पर कई उड़ानों में देरी हुई और कुछ को कैंसिल किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार रात 11.30 बजे से रविवार सुबह 5.30 बजे के बीच 6 घंटों में 82 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और 81.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश से राजधानी के मोती बाग, मिंटो रोड, दिल्ली छावनी और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग समेत शहर की कई सड़क जलमग्न हो गई, जबकि कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए।

उधर, लोनी के इंद्रपुरी कॉलोनी स्थित एसीपी स्कूल बिहार कार्यालय की शनिवार रात तेज बारिश के चलते छत गिर गई। कार्यालय में सो रहे दरोगा वीरेंद्र कुमार मिश्रा मलबे में दब गए। सुबह जब अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे तो घटना का पता चला। मलबे से निकल कर वीरेंद्र कुमार मिश्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय पुलिस ने संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

देर रात मौसम में बदलाव आने से बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। कई जगह पेड़ टूटने से बिजली भी गायब हुई है। शहर के अधिकांश स्थानों पर बिजली गुल है। अभी तक गरज चमक के साथ तेज हवा के बीच बारिश हुई।