मथुरा। ब्रज विकास के लिए विजन 2030 के अंतर्गत रविवार को 22 विभागों द्वारा प्रस्तावित 100 विकास परियोजनाओं का प्रजेंटेशन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण की अध्यक्षता में किया गया। इन परियोजनाओं पर 26362 करोड़ की लागत आने का आंकलन किया गया है। प्रस्तावित परियोजनाओं पर जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी रखे जिन्हें शामिल किया जाएगा।
रविवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा 22 विभागों के साथ मिलकर तैयार किए गए विजन 2030 की बैठक परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह डीआईजी आगरा शैलेश पाण्डेय सांसद राज्यसभा तेजवीर सिंह विधायक पूरन प्रकाश विधायक राजेश चौधरी मेघश्याम सिंह जिलाधिकारी सीपी सिंह एसएसपी श्लोक कुमार नगर आयुक्त जगप्रवेश सीडीओ मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के आलाधिकारी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने परियोजनाओं का प्रजेंटेशन किया। इसमें 600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार होने वाले श्री बिहारी जी कोरिडोर के विकास पर सबसे पहले चर्चा हुई। बताया गया कि कोरिडोर के बनने से देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेंगी। इसमें 10 हजार लोगों को दर्शन से पहले रुकने की सुविधा होगी। इससे प्रभावित लोगों को ही प्राथमिकता पर कोरिडोर में बनने वाली दुकानों को देने का प्रयास रहेगा। इसके अलावा वृंदावन में यमुना पर सिग्नेचर पुल का निर्माण, बेगमपुर पर पार्किंग, वृंदावन में सप्तदेवालय सर्किट के एप्रोच मार्ग कोरिडोर के आस पास 1.5 किलो मीटर क्षेत्र में हरिद्वार में हर की पौड़ी के पैटर्न पर कृष्णा पौड़ी का विकास, रिवर फ्रंट का विकास, वृंदावन परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण, मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास आवादी क्षेत्र की गलियों का विकास, यमुना पार से कंस किला के लिए एलिवेटिड रोड और पार्किंग, मसानी चौराहे पर फ्लाईओवर, धौली प्याऊ और रेलवे ग्राउंड के निकट रेवले फाटक पर भी फ्लाईओवर, नए बस स्टैंड पर फ़्लाईओवर, जवाहर बाग में कृष्ण लोक पार्क निर्माण, बरसाना में रंगीली चौक का विस्तारीकरण, परिक्रमा मार्ग पर पार्किंग, पर्यटन होल्डिंग ऐरिया, राधा रानी के अष्ठसखियों के मंदिरों का संपर्क मार्ग का निर्माण की परियोजना शामिल रही। इसके अलावा ब्रज-84 कोस परिक्रमा मार्ग व पड़ाव स्थल, बलदेव, राधाकुंड, गोवर्धन और कोटवन में शनिधाम में टीएफसी निर्माण, मथुरा-वृंदावन रेलवे ट्रेक की जगह चार लेन मार्ग निर्माण सहित अनेक मार्गों का विस्तार और नवीन निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसमें हिन्दुस्तान कालेज से गोवर्धन तक फोर लेन सड़क का निर्माण भी शामिल रहे जिसे बरसाना तक बढ़ाने का सुझाव दिया गया।
सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि प्रस्तावित इन सभी परियोजनाओं के निर्माण में 26362 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने सभी परियोजनाओं को बारीकी से समझते हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को भी शामिल करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने सिंचाई, पीडब्ल्यूड़ी अभियंताओं को कई योजनाओं के लिए फिर से सर्वें के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया कि उक्त योजनाओं को विभिन्न चरणों में पूरा किया जाएगा।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Next Post