LOC पर पाकिस्तान ने की गोलीबारी, सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

नई दिल्ली । भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी हुई है। नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने गोलीबारी की है। शुक्रवार को यह गोलीबारी पाकिस्तान की ओर से शुरू की गई। भारतीय सेना ने इस गोलीबारी का माकूल जवाब दिया है। सेना के मुताबिक, गोलीबारी की इस घटना में भारतीय क्षेत्र में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। गौरतलब है कि शुक्रवार को भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी जम्मू-कश्मीर का दौरा कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर आर्मी चीफ का यह दौरा काफी अहम है। भारतीय सेना प्रमुख यहां सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। वह शुक्रवार को श्रीनगर व अन्य स्थानों का दौरा करेंगे।

वहीं, इस गोलीबारी की पुष्टि करते हुए सेना ने बताया, “जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर कुछ स्थानों पर पाकिस्तान द्वारा छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। सेना का कहना है कि तुरंत इसका प्रभावी ढंग से जवाब दिया गया। इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ। फिलहाल इस मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है।”

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने मंगलवार को पर्यटकों पर गोलियां बरसाई थीं। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में दो सैन्य अधिकारी भी शामिल थे। ये सैन्य अधिकारी अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताने जम्मू-कश्मीर गए थे। आतंकवादियों ने यहां पहलगाम में पर्यटकों का नाम पूछ-पूछकर उन पर गोलियां चलाईं। आतंकवादी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सेना ने आतंकवादियों के खिलाफ सघन अभियान चला रखा है। सेना और सुरक्षाबलों ने संदिग्ध स्थानों की घेराबंदी कर रखी है। सेना और अन्य सुरक्षा बल हेलीकॉप्टर के जरिए भी संदिग्ध इलाके की निगरानी कर रहे हैं।