DM मथुरा की फेसबुक आईडी हैक! साइबर ठगों का नया खेल—मैसेज कर मांग रहे पैसे

मथुरा । जनपद में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। उनके निशाने पर एक साल में दूसरी बार जिले के शीर्ष अधिकारी आ गए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की फेसबुक आईडी हैक होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि हैकरों ने डीएम की फर्जी आईडी बनाकर उनके परिचितों और आम लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी। मैसेज में एक कथित CRPF अधिकारी के नाम पर सस्ते घरेलू सामान बेचने का झांसा देकर लोगों को फंसाने की कोशिश की जा रही है।

मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अपनी आधिकारिक आईडी से तुरंत लोगों को सतर्क करते हुए स्पष्ट किया कि यह उनकी फर्जी प्रोफाइल है और कोई भी व्यक्ति ऐसे मैसेज के झांसे में न आए।

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी इसी तरह डीएम की फर्जी आईडी बनाकर ठगी का प्रयास किया गया था, जिस पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बावजूद इसके, दोबारा ऐसी घटना होना साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

इधर, पुलिस की साइबर सेल टीम सक्रिय हो गई है और फर्जी आईडी संचालित करने वाले आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल पर तुरंत भरोसा न करें और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।