मथुरा में लापरवाही पर नगर आयुक्त का एक्शन, डैंपियर नगर की सफाई व्यवस्था पर गिरी गाज

सुपरवाइजर सस्पेंड, सफाई निरीक्षक पर विभागीय कार्रवाई के आदेश

मथुरा। नगर निगम मथुरा–वृंदावन के वार्ड संख्या 49 डैंपियर नगर की सफाई व्यवस्था की हकीकत उस समय सामने आ गई, जब नगर आयुक्त जग प्रवेश ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड की सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब एवं निर्धारित मानकों के विपरीत पाई गई।
डैंपियर नगर में सफाई व्यवस्था सुधारने को लेकर पूर्व में संबंधित सफाई निरीक्षक एवं सुपरवाइजर को कई बार स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके थे। लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए थे, इसके बावजूद मौके पर कोई संतोषजनक सुधार नहीं मिला।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सुपरवाइजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई निरीक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित करने के आदेश जारी किए गए।
नगर आयुक्त ने साफ कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों और सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन प्रातः अपने-अपने वार्डों में उपस्थित रहकर सफाई कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी वार्ड में सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।