वृंदावन परिक्रमा मार्ग का बदलेगा स्वरूप 20 करोड़ से होगा मार्ग का कायाकल्प, 80 करोड़ से बनेगा अटल्ला चुंगी फ्लाईओवर
वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी की नगरी वृंदावन के पावन परिक्रमा मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने परिक्रमा मार्ग के अवस्थापना विकास की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दे दी है। योजना के तहत वाहनों ई-रिक्शा और पैदल परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग मार्ग विकसित किए जाएंगे।
एमवीडीए की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि वृंदावन परिक्रमा मार्ग करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी के दर्शन के साथ परिक्रमा भी करते हैं। वर्तमान में वाहनों ई-रिक्शा और पैदल यात्रियों के एक साथ चलने से कई स्थानों पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। नई योजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित आवागमन उपलब्ध कराना है।
योजना के प्रथम चरण में रमणरेती से निधिवन तक करीब 3.30 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। परियोजना के तहत ई-रिक्शा वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए जाएंगे। इसके अलावा फुटपाथ सुविधा जोन आरसीसी कवर ड्रेन तथा बिजली संचार सहित अन्य उपयोगिता सेवाओं को भूमिगत किया जाएगा जिससे मार्ग का सौंदर्य भी बढ़ेगा।
योजना के दूसरे चरण में अटल्ला चुंगी चौराहे पर लगभग 800 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह चौराहा परिक्रमा मार्ग का प्रमुख यातायात केंद्र है जहां अधिकांश समय जाम की स्थिति बनी रहती है। फ्लाईओवर बनने के बाद वाहनों का आवागमन सुचारु होगा और परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को बिना किसी व्यवधान के अपनी यात्रा पूरी करने में सुविधा मिलेगी।
एमवीडीए का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद वृंदावन परिक्रमा मार्ग न केवल अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनेगा बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
मथुरा में जन्मस्थान के लिए दो परियोजनाएं
एमवीडीए ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में अवस्थापना परियोजनाओं के अंतर्गत मथुरा में भी दो परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इसमें मछली फाटक से श्रीकृष्ण जन्मभूमि (गेट संख्या-03) तक लगभग 3.50 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से किया जाना है। इसके अलावा मसानी कट स्थित कल्याण करोति हॉस्पिटल से रामलीला मैदान होते हुए महाविद्या कॉलोनी स्थित सीएम ग्रिड लिंक रोड तक लगभग 1050 मीटर लंबे लिंक मार्ग, पार्किंग, बाउंड्री वॉल और जनसुविधाओं का विकास किया जाएगा। इस पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च होंगे।