शिवलिंग पर जल चढ़ाते वक्त चश्मा पहनने पर ट्रोल हुईं भूमि पेडनेकर , यूजर्स बोले- ‘पूजा कम, फोटोशूट ज्यादा है’
मुंबई । अभिनेत्री भूमि पेडनेकर सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव की पूजा का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद ट्रोलिंग का सामना कर रही हैं। कुछ लोगों ने उनकी आस्था की सराहना की जबकि कई यूजर्स ने पूजा के दौरान सनग्लास पहनने और इसे सोशल मीडिया पर साझा करने को लेकर आपत्ति जताई। ‘दम लगा के हईशा’ फिल्म से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली भूमि पेडनेकर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शिवलिंग पर जल अर्पित करते हुए तस्वीरें और एक वीडियो साझा किया। इसके साथ उन्होंने लिखा कि सावन शुरू होते ही वह आसान जीवन नहीं बल्कि जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति के लिए प्रार्थना करती हैं और “हर हर महादेव” का जयघोष किया।
पोस्ट सामने आते ही बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने “हर हर महादेव” लिखकर उनकी श्रद्धा की सराहना की। हालांकि कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने पूजा के दौरान उनके पहनावे और विशेष रूप से सनग्लास लगाए रखने पर सवाल उठाए। कई यूजर्स ने टिप्पणी करते हुए कहा कि पूजा के समय सादगी और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए। कुछ ने इसे भक्ति से अधिक फोटोशूट बताया तो कुछ ने लिखा कि पूजा के दौरान कैमरे और स्टाइल की बजाय श्रद्धा अधिक महत्वपूर्ण होती है। वहीं भूमि के समर्थन में भी कई लोग सामने आए। समर्थकों का कहना था कि भक्ति का संबंध मन की भावना से होता है न कि कपड़ों या चश्मे से। उनका कहना था कि यदि कोई सच्चे मन से भगवान की पूजा कर रहा है तो उसके पहनावे के आधार पर उसे नहीं परखा जाना चाहिए।
भूमि पेडनेकर की इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर पक्ष और विपक्ष में बहस जारी है।