हाईवे पर कार के बोनट पर तेल डालकर 25 लाख उड़ाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ , शत-प्रतिशत रकम बरामद
■ मथुरा पुलिस की बड़ी कामयाबी: दिल्ली का शातिर टप्पेबाज गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त स्पोर्ट्स बाइक जब्त
■ सिम्स हॉस्पिटल के पास हुई थी वारदात, महज एक हफ्ते में सुलझी गुत्थी
मथुरा । जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र में 20 जुलाई को हुई 25 लाख रुपये की सनसनीखेज टप्पेबाजी का मथुरा पुलिस ने महज एक हफ्ते में सफल अनावरण कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दिल्ली के एक शातिर टप्पेबाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि आरोपी के पास से लूटी गई शत-प्रतिशत धनराशि (पूरे 25 लाख रुपये) बरामद कर ली गई है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में टप्पेबाजी के एक बेहद शातिर तरीके का खुलासा किया है। 20 जुलाई की शाम करीब 6 बजे वादी का कर्मचारी अपनी कार (UP 85 BY 0740) में 25 लाख रुपये लेकर गोवर्धन चौराहे से होकर गोविंद नगर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार टप्पेबाजों ने कार के बोनट के नीचे चुपके से तेल डाल दिया।
जब कार सिम्स हॉस्पिटल के पास पहुंची, तो आगे चल रहे बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने ओवरटेक कर ड्राइवर को गाड़ी खराब होने (तेल रिसने) का इशारा किया।
बदमाशों के झांसे में आकर ड्राइवर ने गाड़ी रोक दी और नीचे उतरकर बोनट खोलने लगा। यह देख कार में बैठे अन्य दो लोग भी गाड़ी से बाहर निकलकर बोनट के पास आ गए। इसी मौके की तलाश में बैठे बदमाशों ने फुर्ती दिखाई और अपनी मोटरसाइकिल पीछे रोककर गाड़ी में रखा 25 लाख रुपयों से भरा बैग उठा लिया और पलक झपकते ही वहां से रफूचक्कर हो गए। इस संबंध में थाना हाईवे पुलिस ने मुकदमा (मु.अ.सं.- 711/2026) दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस इस भारी-भरकम रकम की लूट के खुलासे के लिए लगातार सुराग तलाश रही थी। 27 जुलाई की रात करीब 11:55 बजे पुलिस को मुखबिर से एक अहम सूचना मिली। तत्काल घेराबंदी करते हुए थाना हाईवे पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी अक्षय पुत्र मारमुतु को धर दबोचा। आरोपी मदनगिरी, सी-ब्लॉक, थाना अम्बेडकर नगर, साउथ दिल्ली का रहने वाला है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पूरे 25 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई सुजुकी जिक्सर-250 मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके आपराधिक इतिहास की भी कुंडली खंगाल रही है। इतनी बड़ी रकम की शत-प्रतिशत बरामदगी होने पर स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है। उक्त धनराशि चंद्रिका प्लाईवुड फर्म की थी।