विद्या बालन की ‘कहानी’ फ्रेंचाइजी में यामी गौतम की एंट्री? ‘कहानी 3’ को लेकर सामने आई बड़ी अपडेट

मुंबई । बॉलीवुड में बेहतरीन और सस्पेंस से भरपूर कहानियों का जिक्र जब भी होता है, डायरेक्टर सुजॉय घोष की थ्रिलर फिल्म ‘कहानी’ का नाम सबसे पहले जेहन में आता है। अब सिनेमा प्रेमियों के लिए एक बहुत ही रोमांचक खबर सामने आ रही है। हाल ही में फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में अपनी जानदार एक्टिंग के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार अपने नाम करने वाली एक्ट्रेस यामी गौतम अब इस चर्चित फ्रैंचाइजी का नया चेहरा बनने जा रही हैं।

फिल्म मेकर्स ने इस बेहद पॉपुलर सीरीज के तीसरे पार्ट पर काम करना शुरू कर दिया है, जिसमें यामी मुख्य किरदार में दिखाई देने वाली हैं। साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘कहानी’ ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान रचे थे। सस्पेंस और थ्रिल से भरी इस कहानी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। इसके बाद साल 2016 में इसका दूसरा भाग दर्शकों के सामने लाया गया था। इन दोनों ही फिल्मों के निर्देशन की कमान सुजॉय घोष ने संभाली थी और अभिनेत्री विद्या बालन ने अपनी दमदार अदाकारी से पर्दे पर अमिट छाप छोड़ी थी।

कहानी की दुनिया में सुजॉय घोष लेकर आ रहे नया मोड़
इस बार ‘कहानी 3’ में दर्शकों को एक नया प्रयोग देखने को मिलने वाला है।खबरों के अनुसार, यह नई फिल्म पिछली किस्तों की सीधी कहानी को आगे बढ़ाने के बजाय एक बिल्कुल नए विषय पर केंद्रित होगी। मेकर्स ‘कहानी’ की उसी रहस्यमई दुनिया के इर्द-गिर्द एक नया ताना-बाना बुन रहे हैं। विद्या बालन के बाद अब अभिनेत्री यामी गौतम को इस फ्रैंचाइजी से जोड़ना फिल्म को एक नई दिशा में ले जाने की कोशिश माना जा रहा है।

फिलहाल यह प्रोजेक्ट अपनी शुरुआती यानी प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है। फिल्म से जुड़ी पूरी टीम लगातार पटकथा और बाकी पहलुओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। मेकर्स शूटिंग की टाइमलाइन और तारीखों को लेकर योजना बना रहे हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इसके पहले शेड्यूल का ऐलान कर दिया जाएगा। यामी गौतम के नाम के शामिल होने से इस प्रोजेक्ट को लेकर सिनेमा गलियारों में चर्चाएं काफी तेज हो गई हैं। दर्शक भी यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि सुजॉय घोष इस बार क्या नया लेकर आते हैं।

यामी गौतम के लिए यह दौर काफी खास साबित हो रहा है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार अपने नाम करने के बाद अब इतनी बड़ी और सफल फ्रैंचाइजी की कमान संभालना उनके करियर के लिए एक नया मील का पत्थर माना जा रहा है। हाल के दिनों में उन्हें उनके पति और डायरेक्टर आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘धुरंधर- द रिवेंज’ में एक छोटे से कैमियो रोल में देखा गया था। अब अहम भूमिका में उनकी इस बड़ी वापसी ने ट्रेड विश्लेषकों और सिनेमा प्रेमियों दोनों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।