मथुरा । थाना हाईवे क्षेत्र में एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां गोवर्धन चौराहे के पास बस में सवार एक व्यापारी से करीब 80 से 85 लाख रुपये कीमत का लगभग 550 ग्राम सोना लूट लिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस तुरंत जांच में जुट गई।
पीड़ित गौरव, जो राजस्थान का निवासी है और एक कंपनी में कार्यरत है, मथुरा के विभिन्न क्षेत्रों से सोना एकत्र कर बैग में लेकर जा रहा था। गोवर्धन चौराहे पर वह राजस्थान रोडवेज की बस में सवार हुआ और ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठ गया। इसी दौरान मौका पाकर अज्ञात बदमाश बैग उठाकर फरार हो गए।
बैग गायब होने का पता चलते ही गौरव ने शोर मचाया। बस चालक ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल से भाग रहे आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन बदमाश चकमा देकर निकल गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, एसपी सिटी, सीओ और स्वाट व एसओजी टीम सहित थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जिससे कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।
एसएसपी ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि इसी थाना क्षेत्र में दो-तीन दिन पहले भी एक व्यापारी के कर्मचारियों से करीब 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी की घटना सामने आई थी, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।