नई दिल्ली । टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासी अब ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से ‘लोकल पास’ खरीद सकते हैं। इस पास की मदद से वे संबंधित टोल प्लाजा से महीने भर असीमित यात्रा कर सकेंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सोमवार को यह जानकारी दी। एनएचएआई ने बयान में कहा कि पहले यात्रियों को पात्रता साबित करने के लिए टोल प्लाजा पर जाकर दस्तावेज जमा कराने पड़ते थे, लेकिन नई डिजिटल व्यवस्था के तहत यह पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनट में ऑनलाइन पूरी की जा सकती है।
प्राधिकरण ने बताया कि नए शुरू किए गए ‘लोकल पास’ फीचर के तहत पात्र यात्री टोल प्लाजा पर जाए बिना ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल टोल पास खरीद सकते हैं। बयान के अनुसार, डिजिटल स्थानीय टोल पास की पहली सुविधा दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर-2) स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू की गई है। आने वाले महीनों में इसे देशभर के अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा। एनएचएआई ने कहा कि इस पहल में डिजिलॉकर और ‘वाहन’ जैसे सरकारी डिजिटल मंचों के साथ सहमति-आधारित एकीकरण का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यात्रियों के पते, वाहन संख्या और संबंधित फास्टैग की सत्यापित जानकारी स्वत: प्राप्त हो जाती है।
स्थानीय पास के लिए पात्रता जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित सत्यापन के माध्यम से तय की जाती है, जिससे मैनुअल दस्तावेजी प्रक्रिया समाप्त होती है और पारदर्शिता तथा सटीकता सुनिश्चित होने के साथ उपयोगकर्ताओं को सुविधा मिलती है। राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से एनएचएआई ने ‘मार्ग मित्र’ सहायता केंद्र भी शुरू किया है। इस मंच को ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप में ही एकीकृत किया गया है।
एनएचएआई के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं के लिए एकल खिड़की मंच के रूप में विकसित ‘मार्ग मित्र’ यात्रियों को जानकारी प्राप्त करने, सहायता मांगने और शिकायत दर्ज कराने की सुविधा देगा। बयान में कहा गया कि उपयोगकर्ता 22 भारतीय भाषाओं में अपनी शिकायत, सुझाव या सवाल लिख या बोलकर दर्ज करा सकते हैं। मंच उन्हें संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएगा या उपयुक्त सेवा तक पहुंचने में सहायता करेगा।
सहायता केंद्र फास्टैग रिचार्ज, केवाईसी आवश्यकताओं, रिफंड की स्थिति, वार्षिक और स्थानीय पास सेवाओं सहित अन्य सामान्य सवालों पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगा।