​ब्रज को स्वच्छ बनाने के लिए संतों ने उठाया बीड़ा; कथा और सत्संगों में श्रद्धालु लेंगे स्वच्छता का संकल्प

अतिक्रमणकारियों पर चलेगा डंडा, वृंदावन परिक्रमा मार्ग 11 सेक्टरों में बंटा; सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो से जागरूक करेंगे नगर निगम और प्रशासन
​मथुरा/वृंदावन।
ब्रज की स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में अब संत समाज, महंत एवं भागवताचार्य भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। गुरुवार को वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान में ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ महाअभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की पहल पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
​बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप और नगर आयुक्त ओजस्वी राज सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

​बैठक में तय किया गया कि अब संत, महंत एवं भागवताचार्य अपने प्रवचनों, सत्संगों और श्रीमद्भागवत कथाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को ब्रज की स्वच्छता एवं पवित्रता का संदेश देंगे। संत समाज श्रद्धालुओं से अपील करेगा कि वे ब्रज में कहीं भी कूड़ा न फैलाएं, एकल-उपयोग (सिंगल-यूज) प्लास्टिक का प्रयोग न करें तथा यमुना तट, कुंडों, घाटों और परिक्रमा मार्गों को साफ रखें। संतों ने कहा कि श्रीकृष्ण की लीलास्थली को स्वच्छ रखना प्रत्येक श्रद्धालु का धार्मिक कर्तव्य है। हालांकि, इस दौरान संतों ने वृंदावन में वर्तमान गंदगी को लेकर कड़ी नाराजगी भी जाहिर की।

​”वृंदावन परिक्रमा मार्ग को 11 सेक्टरों में विभाजित कर विशेष अभियान चलाया जाएगा। अगले सप्ताह से सफाई और अतिक्रमण हटाने की चरणबद्ध कार्रवाई शुरू होगी।”
— नगेंद्र प्रताप, मंडलायुक्त, आगरा

​परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनसहयोग ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत बनेगा। वहीं नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने वर्तमान स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि संतों के स्वच्छता संदेशों के वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर व्यापक स्तर पर प्रसारित किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले एक महीने में वृंदावन में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन दिखाई देगा।

इस महाअभियान में ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम एवं हार्टफुलनेस संस्था के साथ महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज, महंत हरिशंकर दास नागा महाराज, संत गोविंदानंद तीर्थ, महामंडलेश्वर नवल गिरी महाराज और समाजसेवी कपिल देव उपाध्याय सहित कई प्रमुख संत-महंत उपस्थित रहे।