यूपी के पत्रकारों के लिए बड़ी सौगात: अब और आसान होगा आयुष्मान कार्ड बनना, जल्द शुरू होगा विशेष ऑनलाइन पोर्टल
जिन पत्रकारों के कार्ड नहीं बने, वे beneficiary.nha.gov.in पर चेक करें स्टेटस; सीएमओ दफ्तर से होगा सुधार
सूचना निदेशक विशाल सिंह का ऐलान: नए आवेदनों के लिए जल्द खुलेगा पोर्टल, जिला सूचना अधिकारियों के जरिए होगी प्रक्रिया
लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के पत्रकार बंधुओं के हित में एक और बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब पत्रकारों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ देने वाले ‘आयुष्मान कार्ड’ बेहद आसानी से प्राप्त हो सकेंगे। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पत्रकारों के कल्याणार्थ उठाए गए इन नए कदमों की विस्तृत जानकारी साझा की है।
सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकार बंधुओं ने आयुष्मान कार्ड के लिए पहले आवेदन किया था, लेकिन किन्हीं तकनीकी या अन्य कारणों से उनका कार्ड अब तक जारी नहीं हो पाया है, वे अब सीधे नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के आधिकारिक पोर्टल beneficiary.nha.gov.in पर जाकर अपने कार्ड का स्टेटस ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
प्रदेश के सूचना निदेशक विशाल सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि पोर्टल पर पत्रकार का नाम प्रदर्शित हो रहा है, लेकिन उसमें किसी प्रकार की त्रुटि (जैसे नाम, उम्र या स्पेलिंग की गलती) है, तो उसे आसानी से सुधारा जा सकता है। इसके संशोधन के लिए संबंधित पत्रकार को अपने जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) कार्यालय में संपर्क स्थापित करना होगा, जहां प्राथमिकता के आधार पर इसमें सुधार कर दिया जाएगा।
विभाग ने उन पत्रकारों की समस्या का भी संज्ञान लिया है जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है या जिनका आवेदन किन्हीं कारणों से अटका हुआ है। सूचना निदेशक ने घोषणा की कि इसके स्थायी समाधान हेतु शासन की ओर से शीघ्र ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू होने जा रहा है।
नया पोर्टल लाइव होने के बाद, जो भी पत्रकार भाई अपना आयुष्मान कार्ड बनवाना चाहते हैं, वे अपने जनपद के जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से पोर्टल पर अपना आवेदन आसानी से सबमिट करा सकेंगे। विभाग इस पोर्टल को जल्द से जल्द शुरू करने की तैयारी में है और इसके प्रारंभ होते ही इसकी सूचना तत्काल सार्वजनिक कर दी जाएगी। शासन के इस कदम से प्रदेश भर के हजारों मीडियाकर्मियों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने का रास्ता और साफ हो गया है।