मथुरा में 10.70 लाख की ‘लूट’ का चौंकाने वाला पर्दाफाश, खुद ही निकला मास्टरमाइंड!
प्लॉट खरीदने के चक्कर में सेल्समैन ने पत्नी संग मिलकर रची थी 'मेगा डकैती' की झूठी कहानी, 100 कैमरों की 'तीसरी आंख' ने बिगाड़ा खेल
हाईवे पुलिस और स्वाट टीम की मुस्तैदी ने 48 घंटे में पलटी बाजी; 100 CCTV कैमरों ने खोला राज, शत-प्रतिशत रिकवरी
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में दो दिन पहले जे.पी. इंटरप्राइजेज के सेल्समैन के साथ हुई 10,70,000 रुपये (दस लाख सत्तर हजार) की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने बुधवार को ऐसा खुलासा किया, जिसने सबके होश उड़ा दिए। जिस सेल्समैन ने रोते-बिलखते हुए अज्ञात बाइक सवारों द्वारा थैला छीनने की कहानी गढ़कर पुलिस और अपने मालिक को गुमराह किया था, वही इस पूरी साजिश का ‘विलेन’ निकला। हाईवे पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी सेल्समैन और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट की 100% रकम (पाई-पाई) बरामद कर ली गई है।
पकड़े गए मुख्य अभियुक्त की पहचान विजय कुमार पुत्र रामबाबू (निवासी: काशीराम आवास टाउनशिप, रिफाइनरी) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसे एक कीमती प्लॉट खरीदना था, जिसके लिए उसे रुपयों की सख्त जरूरत थी। लालच में आकर उसने अपनी ही कंपनी के पैसों को हड़पने का खौफनाक प्लान तैयार किया। योजना के मुताबिक, 22 जून को विजय ने कंपनी के पैसे लेकर अपनी पत्नी को नए बस अड्डे के पास बुलाया और गुपचुप तरीके से रुपयों से भरा थैला उसे सौंप दिया। पत्नी पैसे लेकर घर सुरक्षित पहुंच गई, जिसके बाद विजय ने ड्रामा शुरू किया और मालिक जगदीश प्रसाद गौतम व पुलिस को सूचना दी कि ‘बदमाशों’ ने उससे 10.70 लाख रुपये लूट लिए हैं।
इस हाई-प्रोफाइल मामले को सुलझाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल और स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटना स्थल और अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों पर लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला।
सीसीटीवी फुटेज और वादी मुकदमा के बयानों में जब पुलिस को विरोधाभास नजर आया, तो शक की सुई सेल्समैन विजय पर टिक गई। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया।
मुखबिर और सटीक सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने बुधवार रात करीब 01:25 बजे काशीराम आवास (टी-3/66, चतुर्थ फ्लोर) पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से विजय कुमार और उसकी सहयोगी पत्नी (महिला अभियुक्ता) को दबोच लिया। घर के अंदर छिपाकर रखी गई पूरी रकम—10,70,000 रुपये—बरामद कर ली गई है।