“हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” : 15 दिवसीय महाअभियान का शुभारम्भ

नगर आयुक्त ने वृन्दावन में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, 70 वार्डों को 10 सेक्टरों में बांटकर चलेगा अभियान

मथुरा । विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी मथुरा-वृन्दावन को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, नगर निगम मथुरा-वृन्दावन, मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण तथा ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संयुक्त रूप से 22 जून 2026 से 06 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष स्वच्छता, प्रवर्तन, सौंदर्यीकरण एवं जन-जागरूकता महाअभियान प्रारम्भ किया गया है। अभियान का मुख्य संदेश “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” रखा गया है।

महाअभियान का शुभारम्भ नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा वृन्दावन क्षेत्र में स्वच्छता श्रमदान कर किया गया। इस दौरान उन्होंने हज़ारीमल सोमानी नगर निगम इंटर कॉलेज परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों व पार्षदों के साथ झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

श्रमदान के उपरांत नगर आयुक्त ने हज़ारीमल सोमानी इंटर कॉलेज के समक्ष स्थित सुलभ शौचालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, रखरखाव, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

नगर निगम द्वारा अभियान के प्रभावी संचालन हेतु निगम क्षेत्र के 70 वार्डों को 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिनमें प्रत्येक सेक्टर में प्रभारी एवं सह-प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सभी सेक्टरों में स्वच्छता, प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता से संबंधित गतिविधियां तेज़ी से संचालित की जा रही हैं।

अभियान के अंतर्गत शहर के प्रमुख मंदिरों, परिक्रमा मार्गों, पर्यटन स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं आवासीय क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई, नाला-नाली सफाई, कूड़ा संग्रहण, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव एवं जलभराव निस्तारण जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (GVP) की पहचान कर उनका स्थायी समाधान किया जाएगा।

जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता रैलियां, श्रमदान कार्यक्रम एवं बैठकें आयोजित की जा रही हैं। व्यापारियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, स्रोत पृथक्करण अपनाने तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने, अवैध डम्पिंग, कूड़ा जलाने, पोस्टर-बैनर लगाने एवं नगर निगम उपविधियों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक स्थलों, पार्कों एवं चौराहों का सौंदर्यीकरण कर शहर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाया जाएगा।

नगर निगम ने समस्त नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस महाअभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ ब्रज के निर्माण में अपना योगदान दें।