गंगा दशहरा पर दुल्हन की तरह सजेंगे मथुरा के घाट , महापौर और नगर आयुक्त ने संभाला मोर्चा

​श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे गोताखोर; सफाई, पेयजल और प्रकाश के पुख्ता इंतजाम

​मथुरा । भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मस्थली मथुरा में आगामी 24 जून को मनाए जाने वाले ‘गंगा दशहरा’ पर्व को लेकर मथुरा-वृन्दावन नगर निगम पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। बाहर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित वातावरण देने के लिए नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में महापौर विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त जग प्रवेश ने खुद शहर के प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

​निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने मातहत अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा, “हर वर्ष गंगा दशहरा पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा के घाटों पर आते हैं। हमारी प्राथमिकता है कि बाहर से आने वाले किसी भी तीर्थयात्री को कोई असुविधा न हो। इसके लिए घाटों पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।”

​नगर निगम ने इस बार स्वच्छता और सुरक्षा दोनों मोर्चों पर विशेष रणनीति बनाई है। यमुना नदी में स्नान के दौरान किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए मुस्तैद गोताखोर तैनात रहेंगे।​ घाटों पर पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है। ​ श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, मोबाइल शौचालय और रात के समय घाटों पर पर्याप्त प्रकाश (लाइटिंग) की व्यवस्था की जा रही है।

​नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि नगर निगम की टीमें लगातार घाटों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यह अभियान सिर्फ पर्व से पहले तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गंगा दशहरा के दिन भी विशेष सफाई और सुरक्षा दस्ता मैदान में मुस्तैद रहेगा। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित ब्रज का अहसास कराना है।