ब्रज की रज को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ रखना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी: सीपी सिंह
ब्रह्मांड घाट से शुरू हुआ महा-सफाई अभियान; मथुरा-वृंदावन सहित सभी तीर्थ स्थलों पर निरंतर चलेगा स्वच्छता का सिलसिला
मथुरा । भगवान श्री कृष्ण की लीला स्थली ब्रज क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ महावन स्थित ऐतिहासिक और पौराणिक ब्रह्मांड घाट पर एक विशाल सफाई अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान में जिला प्रशासन, ब्रज तीर्थ विकास परिषद, नगर पंचायत महावन और स्वयंसेवकों के साथ-साथ ‘हर्ट फाउंडेशन’ संस्था ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
हम सबने यह ठाना है-ब्रज को स्वच्छ बनाना है” अभियान के अंतर्गत सोमवार को 22 जून को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गोकुल स्थित विश्व प्रसिद्ध ब्रह्माण्ड घाट में श्रमदान (स्वच्छता/ साफ-सफाई) किया।
ब्रह्मांड घाट पर सफाई अभियान का नेतृत्व करते हुए जिलाधिकारी (डीएम) सीपी सिंह ने कहा कि ब्रज भूमि हम सबकी अनमोल धरोहर है। नंदगांव, बरसाना, गोवर्धन, गोकुल, बलदेव, वृंदावन और मथुरा जैसे पावन तीर्थ स्थलों की पवित्रता को अक्षुण्ण बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व है। जिलाधिकारी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रज में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पुण्य लाभ के लिए आते हैं। लेकिन अनजाने में उनके द्वारा प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन और अन्य कचरा (लीटर) फैला दिया जाता है। उन्होंने सभी स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों से भावुक अपील करते हुए कहा, “ब्रज की रज अत्यंत पवित्र है। यहाँ पुण्य कमाने आएं, गंदगी फैलाने से बचें। हर नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होना होगा।”
डीएम सीपी सिंह ने बताया कि ब्रह्मांड कुंड से शुरू हुआ यह सफाई अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि यह अनवरत जारी रहेगा। जिला प्रशासन, ब्रज तीर्थ विकास परिषद, नगर पंचायतों, ग्राम पंचायतों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से पूरे मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में ऐसा महा-अभियान चलाया जाएगा जो न केवल लोगों के व्यवहार में बदलाव लाएगा, बल्कि स्वच्छता के प्रति उनकी सोच को भी बदलेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ‘हर्ट फाउंडेशन’ संस्था, उनके गुरु जी महाराज और दाजी (दाजी महाराज) के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ इस अभियान में सहभागिता की और स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं को गति दी।