महंगाई-बेरोजगारी के विरोध में सपा का तहसील पर प्रदर्शन, एसडीएम को न पाकर गेट पर चस्पा किया ज्ञापन

गोवर्धन। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश सचिव ठाकुर किशोर सिंह के नेतृत्व में सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं ने तहसील गोवर्धन पर महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं किसानों की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सपा कार्यकर्ता एसडीएम को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने पहुंचे, लेकिन मौके पर एसडीएम के कार्यालय में न मिलने पर कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। आरोप है कि सपा कार्यकर्ताओं को देखते ही एसडीएम कार्यालय छोड़कर चले गए। इससे आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के गेट पर ही राष्ट्रपति महोदया के नाम संबोधित ज्ञापन चस्पा कर दिया और विरोध दर्ज कराया।
ठाकुर किशोर सिंह ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि कर आम जनता का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर वह ज्ञापन देने आए थे, लेकिन प्रशासन का यह रवैया लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है।

वहीं सपा नेता ठाकुर मुकेश सिकरवार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। खाद्य पदार्थों और आवश्यक वस्तुओं के दामों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।

सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।

इस दौरान शिवकुमार यादव, ठाकुर मुकेश सिकरवार, भरत भूषण, राघवेंद्र सिंह, मुन्ना मलिक, पवन चौधरी, रणवीर धनगर, पप्पू मगोर्रा, गजेंद्र ठाकुर, जीतू ठाकुर, धनीराम, प्रमोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।