अवैध कॉलोनी पर चला MVDA का बुलडोजर, 10 हजार वर्गमीटर में बने निर्माण ध्वस्त

मथुरा । मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए बुधवार को मौजा आहिल्यागंज खादर, मथुरा-वृंदावन रोड पर बड़ी कार्रवाई की। करीब 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन के निर्देशन में सचिव आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने थाना जैंत पुलिस बल के सहयोग से कार्रवाई को अंजाम दिया। अवैध कॉलोनी का विकास श्याम सुंदर, संतोष वेदप्रकाश, राजकुमार और श्याम अग्रवाल द्वारा किया जा रहा था।

बताया गया कि इस प्रकरण में उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 के अंतर्गत वाद संख्या MTDA/Z1/ANI/2025/0000905 दर्ज किया गया था। 19 मार्च 2025 एवं 25 मार्च 2026 को सुनवाई के लिए तिथियां निर्धारित की गई थीं, लेकिन निर्माणकर्ता उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद 25 मार्च 2026 को ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया गया। बुधवार को आदेश के अनुपालन में अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अवैध निर्माण कराने वालों में अफरा-तफरी देखी गई।

प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।