मथुरा। समाजवादी पार्टी ने जिले में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी ने अपने सभी फ्रंटल संगठनों के साथ मिलकर जिला कार्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने वटवृक्ष के नीचे एकत्र होकर प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश का किसान, नौजवान, मजदूर, व्यापारी, छात्र और आम जनमानस सभी वर्तमान सरकार की नीतियों से परेशान हैं। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य न मिलना गंभीर समस्या बन चुकी है।
इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बेलगाड़ी को सांकेतिक रूप में लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर कूच किया। हजारों कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बिजली की बढ़ती कीमतों, स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालने, बाधित बिजली आपूर्ति, छात्रों के साथ पेपर लीक की घटनाओं तथा हाल ही में नीट, एनटीए और सीबीएसई बोर्ड में कथित धांधलियों का मुद्दा उठाया गया। इसके साथ ही डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर भी नाराजगी जताई गई और अंतरराष्ट्रीय दरों के अनुसार मूल्य निर्धारण की मांग की गई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में जिला महासचिव सुभाष पाल, वरिष्ठ नेता प्रदीप चौधरी, जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, दिगंबर सिंह जाटव, गगन रावत, जिला सचिव तुलसीराम धनगर, मोड ठाकुर, युवजन सभा के जिला अध्यक्ष मुरारी मैथिल, लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष सोनू ठाकुर, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष नजर कुरैशी, छात्र सभा के अध्यक्ष संतोष यादव, अल्पसंख्यक सभा के जिला अध्यक्ष नाजीम अब्बासी, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष संदीप अहेरिया सहित विभिन्न विधानसभा व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.