मथुरा। शहर के दरेसी क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विजिलेंस और शहरी रेड्स की संयुक्त टीम ने मनोहरपुरा इलाके में सात स्थानों पर छापेमारी कर कई मामलों का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान एक दर्जन से अधिक ई-रिक्शा अवैध रूप से बिजली चोरी कर चार्ज होते मिले, जबकि एक आरओ प्लांट भी डायरेक्ट कनेक्शन से संचालित पाया गया।
टीम ने मौके से अवैध केबलों को जब्त कर लिया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराई। अचानक हुई इस चेकिंग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और गड़बड़ी करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दरेसी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने, बार-बार फॉल्ट आने और केबल जलने की शिकायतें मिल रही थीं। इस फीडर पर अधिक लोड होने के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य अभियंता ने समीक्षा बैठक में सुधार के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में एसई शहरी मुदित तिवारी के निर्देश पर विजिलेंस प्रभारी अरुण कुमार, एई रेड्स सतेन्द्र, जेई किशन, जेई पवन और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई अन्य स्थानों पर भी बिजली चोरी के मामले सामने आए। अधिकारियों ने बताया कि पहले भी इस क्षेत्र में कई बार अभियान चलाया जा चुका है, जिसमें आधा सैकड़ा से अधिक लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। मुख्य अभियंता राजीव गर्ग को पूरी कार्रवाई से अवगत करा दिया गया है। विभाग ने साफ किया है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।