द्वारकाधीश मंदिर में उमड़ रही भारी भीड़, व्यवस्था भगवान भरोसे
पुलिस नदारद, धक्का-मुक्की और जेबकतरो से श्रद्धालु परेशान
मथुरा। अधिक मास के चलते जनपद में इन दिनों चौरासी कोस परिक्रमा अपने चरम पर है। रोजाना लाखों की संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा कर रहे हैं और मार्ग में पड़ने वाले मंदिरों में दर्शन कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के विश्व प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर में एक दर्जन से अधिक महिला व पुरुष कर्मियों की तैनाती की गई है, लेकिन व्यवस्था बनाने में पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का आरोप है कि मंदिर में तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी से नदारद रहते हैं और कंट्रोल रूम में बैठकर समय व्यतीत करते हैं।
मंदिर के अंदर हालात यह हैं कि भारी भीड़ के कारण श्रद्धालु एक-दूसरे को धक्का देने को मजबूर हैं। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर जेबकतरे भी सक्रिय हो गए हैं और आए दिन घटनाएं सामने आ रही हैं।
सुबह और शाम के दर्शनों के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। भीड़ के कारण जहां बाजार के दुकानदार परेशान हैं, वहीं मंदिर प्रशासन भी पुलिस से सहयोग की मांग करते-करते थक चुका है। आरोप है कि पुलिसकर्मी केवल कंट्रोल रूम में टीवी के सामने बैठे रहते हैं और मंदिर के अंदर व्यवस्था संभालने में कोई सक्रिय भूमिका नहीं निभा रहे।
दो दिन पूर्व भारी भीड़ के दौरान कुछ श्रद्धालुओं की जान पर बन आई, लेकिन उस समय भी पुलिस की ओर से कोई ठोस मदद नहीं मिल सकी।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को तत्काल मजबूत किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन का अवसर मिल सके।