आईपीएल खिताब जीतने के बाद वृंदावन पहुंचे विराट-अनुष्का , प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद
मथुरा । आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के महज दो दिन बाद भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे और संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों ने मंगलवार सुबह यमुना तट स्थित आश्रम में पहुंचकर आध्यात्मिक चर्चा की और गुरुजनों से आशीर्वाद लिया। जानकारी के अनुसार विराट और अनुष्का सुबह करीब चार बजे प्रेमानंद महाराज के एकांतवास स्थल पर पहुंचे। दोनों ने लगभग 45 मिनट तक आध्यात्मिक संवाद किया। इस दौरान वे नंगे पैर, गले में तुलसी की माला और माथे पर तिलक लगाए दिखाई दिए। मुलाकात के बाद दंपति ने प्रेमानंद महाराज के गुरुदेव श्री हित गौरंगी शरण महाराज जी से भी भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पिछले कई वर्षों से प्रेमानंद महाराज के अनुयायी माने जाते हैं। आईपीएल 2026 के दौरान अक्षय तृतीया पर भी दोनों वृंदावन पहुंचे थे और संत का आशीर्वाद लिया था। उधर आईपीएल 2026 में विराट कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा। फाइनल मुकाबले में विराट कोहली की नाबाद अर्धशतकीय पारी ने Royal Challengers Bengaluru को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। खिताब जीतने के बाद वृंदावन पहुंचकर आध्यात्मिक आशीर्वाद लेने की उनकी यात्रा क्रिकेट प्रेमियों और श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।