मथुरा। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सीपी सिंह ने जनपद के पत्रकारों, संपादकों, लेखकों एवं मीडिया कर्मियों को सादर नमन करते हुए कहा कि लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं, जो न केवल घटनाओं को सामने लाते हैं, बल्कि जनभावनाओं और जनसमस्याओं को भी प्रभावी तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि ब्रज क्षेत्र अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक महत्व के लिए विश्वभर में विख्यात है। इस धरोहर को संरक्षित एवं प्रसारित करने में मीडिया की भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की निष्पक्ष और सशक्त लेखनी ने हमेशा समाज को सही दिशा देने का कार्य किया है।
उन्होंने आगे कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का एक प्रभावी साधन है। वर्तमान समय में जब सूचना का दायरा तेजी से बढ़ रहा है, तब पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
डीएम सीपी सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि जनपद मथुरा के पत्रकार आगे भी अपनी कलम के माध्यम से समाज को जागरूक करते रहेंगे और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहेंगे। अंत में उन्होंने कामना की कि ब्रज की संस्कृति सदैव अमर रहे, सत्य की कलम निरंतर चलती रहे और जनहित की आवाज़ हमेशा बुलंद बनी रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.