मथुरा। रिफाइनरी क्षेत्र में अराजक तत्वों और शराबी-गंजेड़ियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला रिफाइनरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध आउटलेट ‘मैकडोनाल्ड’ से सामने आया है, जहाँ शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने मामूली बात पर जमकर उत्पात मचाया। इस पूरी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। वायरल वीडियो के मुताबिक यह घटना दो दिन पुरानी रात की बताई जा रही है। मैकडोनाल्ड आउटलेट पर कुछ युवक आए थे। बिल भुगतान के समय यूपीआई का सर्वर डाउन होने के कारण ऑनलाइन पेमेंट नहीं हो सका, जिसकी वजह से ऑर्डर नहीं लिया गया। इसी बात से नाराज होकर क्षेत्र के ही कुछ शराबी और नशेड़ी युवकों ने स्टाफ से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नशेड़ियों ने मैकडोनाल्ड के मैनेजर और स्टाफ की कॉलर पकड़ ली और उनके साथ जमकर गाली-गलौज व अभद्रता की।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्रीय जनता में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि रिफाइनरी जैसे व्यस्त और महत्वपूर्ण क्षेत्र में इस तरह के उपद्रवियों का खुला घूमना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, “अगर ऐसे गुंडागर्दी करने वाले तत्वों के खिलाफ समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र में अपराधियों के हौसले और बुलंद हो जाएंगे जिससे आम जनमानस और व्यापारियों का रहना मुश्किल हो जाएगा।”
रिफाइनरी थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है और न ही अभी तक मैकडोनाल्ड स्टाफ या प्रबंधन की तरफ से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था को किसी भी स्थिति में बिगड़ने नहीं दिया जाएगा, जैसे ही मैकडोनाल्ड स्टाफ की तरफ से कोई तहरीर मिलती है, तो मैकडोनाल्ड के सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।