भीषण गर्मी पर भारी पड़ी आस्था: बिहारी जी के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब, गलियां हुईं ठसाठस

वृंदावन। तपती धूप, झुलसाती लू और आसमान से बरसती आग के बावजूद आस्था का सैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा। अधिक मास के पावन अवसर पर ब्रज क्षेत्र में चल रही 84 कोस परिक्रमा अपने चरम पर है। शुक्रवार को वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
मंदिर की ओर जाने वाली संकरी गलियां श्रद्धालुओं से इस कदर भर गईं कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची। हर ओर “राधे-राधे” और “बिहारी जी की जय” के जयघोष गूंजते रहे। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
हालात ऐसे रहे कि कई जगहों पर भीड़ के दबाव के चलते लोगों को धीरे-धीरे आगे बढ़ना पड़ा। दुकानों और रास्तों पर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि कैसे श्रद्धालु एक-दूसरे से सटे हुए दर्शन की आस में आगे बढ़ रहे हैं।
प्रशासन द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्थाएं की गईं, लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक थी कि व्यवस्था भी कई जगहों पर कमजोर पड़ती नजर आई।
आस्था का यह दृश्य एक बार फिर साबित करता है कि जब बात श्रद्धा की हो, तो तेज धूप और लू भी भक्तों के कदम नहीं रोक पाती।