मथुरा में 24 मई से श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन, 108 महिलाओं की कलश यात्रा से होगा शुभारंभ

परिणय गार्डन में 30 मई तक चलेगी कथा, 28 मई को गिर्राज पूजा व भजन संध्या का विशेष आयोजन

मथुरा । श्री कृष्ण सेवा मंडल ट्रस्ट द्वारा परम पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 24 मई से 30 मई तक परिणय गार्डन में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को भक्ति और ज्ञान का संगम देखने को मिलेगा।

ट्रस्ट के संरक्षक कन्हैयालाल अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा का रसपान ब्रज के सुप्रसिद्ध संत ब्रजभक्त रमाकांत गोस्वामी जी के श्रीमुख से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में ब्रज क्षेत्र के अनेक साधु-संतों एवं महान विभूतियों का भी आगमन होगा, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी।

मुख्य व्यवस्थापक राजकुमार अग्रवाल ‘रद्दी’ ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ 24 मई को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा अग्रवाटिका से प्रारंभ होकर कथा स्थल परिणय गार्डन तक पहुंचेगी, जिसमें 108 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भाग लेंगी। कलश यात्रा के पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कथा प्रारंभ होगी।

ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल शोरा वाला ने बताया कि कथा का समय प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं 28 मई को सायंकाल विशेष रूप से गिर्राज पूजा, दीपदान, अन्नकूट प्रसादी एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भजन सम्राट धीरज बावरा अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

सचिव ओमप्रकाश पांडेय ने सभी ब्रजवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का श्रवण करें और पुण्य के भागी बनें।